ईस्टर्न पेरीफेरल और ताज एक्सप्रेसवे को जोड़ने की पहल पर सीआईएस ने जताया नितिन गडकरी का आभार

ईस्टर्न पेरीफेरल और ताज एक्सप्रेसवे को जोड़ने की पहल पर सीआईएस ने जताया नितिन गडकरी का आभार
बैठक में मौजूद चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के पदाधिकारी।

संस्था के सुझाव पर शुरू हुई सकारात्मक पहल, औद्योगिक और व्यापारिक विकास को मिलेगी गति

सहारनपुर। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे और ताज एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने की दिशा में शुरू हुई पहल का चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) ने स्वागत किया है। संस्था के पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद पत्र भेजा है।

दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित संस्था की बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने बताया कि सीआईएस की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को दो बार पत्र भेजकर ईस्टर्न पेरीफेरल और ताज एक्सप्रेसवे की क्रॉसिंग पर दोनों मार्गों को जोड़ने के लिए आवश्यक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया था। अब संस्था को जानकारी मिली है कि इस सुझाव पर सकारात्मक पहल करते हुए कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दोनों एक्सप्रेसवे के आपस में जुड़ने से माल परिवहन अधिक सुगम होगा और आवागमन में लगने वाला समय कम होगा। इससे क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

मैक्स हेल्थकेयर की सुविधाओं की दी जानकारी

बैठक में मैक्स हेल्थकेयर, साकेत, नई दिल्ली के एजीएम परविंदर पंवार और रोहित कुमार श्रीवास्तव ने संस्था के पंजीकृत सदस्यों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और विशेष छूट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के दौरान पंजीकृत सदस्यों को ओपीडी में 20 प्रतिशत, कमरे के किराये में 10 प्रतिशत, दवाइयों पर 5 प्रतिशत और एटेस्टिंग पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इस दौरान संस्था के अपर महासचिव विजय वशिष्ठ का जन्मदिन भी मनाया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट कर और केक काटकर शुभकामनाएं दीं।

बैठक में संस्थापक अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी, चेयरमैन एचएस चड्ढा, अपर महासचिव विजय वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्ढा, संयुक्त कोषाध्यक्ष सक्षम बत्रा, चीफ कोऑर्डिनेटर संजय गुप्ता और अधिशासी निदेशक संदीप कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply