मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए शिविरों में उमड़ी भीड़, डीएम ने किया निरीक्षण

मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए शिविरों में उमड़ी भीड़, डीएम ने किया निरीक्षण
मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शिविर का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान

29 नवंबर को भी चलेगा विशेष अभियान, पात्र नागरिकों से मतदान केंद्र पहुंचकर नाम जांचने की अपील

सहारनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक मतदान केंद्रों पर पहुंचे। लोगों ने जरूरत के अनुसार नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन फार्म भी भरे।

जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज और महात्मा गांधी मेमोरियल हाईस्कूल में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और पदाभिहित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां आवेदन फार्म भरने में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से 29 नवंबर को भी अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरा जा सकता है। मतदाता सूची से नाम हटवाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 और नाम, पता, आयु, फोटो में संशोधन, स्थान परिवर्तन या डुप्लीकेट ईपिक के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट रामकेश सहित संबंधित अधिकारी और बूथ लेवल एजेंट मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंटों, सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply