एसएसपी ने 51वीं प्रादेशिक पुलिस कलस्टर प्रतियोगिता के पदक विजेताओं का किया उत्साहवर्द्धन
सहारनपुर। वाराणसी जोन में 21 से 24 जून 2026 तक आयोजित 51वीं प्रादेशिक कलस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस (जूडो, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट) प्रतियोगिता-2026 में सहारनपुर पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार टीम चैपियनशिप अपने नाम कर जनपद का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में सहारनपुर पुलिस की चार टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जूडो (पुरुष एवं महिला) में दो, वुशु (महिला) में एक तथा ताइक्वांडो (महिला) में एक टीम चैंपियनशिप हासिल की। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिनंदन ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को चैंपियनशिप शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सहारनपुर और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
