‘भविष्य में चुनाव लड़ने लायक नहीं बचेगी सपा’, केशव मौर्य का दावा- टीएमसी जैसा होगा हाल
मुरादाबाद। 2027 में 2017 से बड़ी विजय होगी। मुरादाबाद में छह की छह सीटें जीतने के साथ प्रदेश में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतेगी। लोकतंत्र पर खतरे की बात करने वाली समाजवादी पार्टी का हाल 2027 में टीएमसी जैसा होगा।
शायद समाजवादी पार्टी भविष्य का चुनाव लड़ने के लायक भी नहीं बचेगी। परिवारवाद, गुंडाराज, भ्रष्टाचार की हिमायत करने वालों को जनता अब कभी नहीं स्वीकारेगी। जनता फिर से भाजपा के विकास कार्यों को आधार बनाकर वोट करेगी। 2027 में ही नहीं 2047 तक प्रदेश व देश में भाजपा की ही सरकार बनेगी।
हाल में ही पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में आए चुनाव नतीजे इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। यह बातें रविवार को मीडिया सो बातचीत में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।
वह यहीं नहीं रुके। कहा कि चुनाव के समय कोई किसी से गठबंधन कर ले, खिलेगा कमल ही। सपा मुखिया अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्प्णी के सवाल पर कहा कि यह अस्वीकार है।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुरादाबाद ब्लाक परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर के कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री पहुंचे थे। ”12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की प्राथमिकताओं को विस्तार से जनता के सामने रखा।
कहा कि आजादी के बाद देश ने आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद और सांप्रदायिकता जैसी अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
आज भारत आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी मजबूती के साथ राष्ट्र की रक्षा कर रही हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रचार अभियान पर उन्होंने टिप्पणी की।
कहा कि बिहार में सपा का कोई उम्मीदवार नहीं था। फिर भी भाजपा को हराने के उद्देश्य से प्रचार किया गया मगर, जनता ने भाजपा गठबंधन को रिकार्ड जीत दिलाई। पश्चिम बंगाल की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट विचारधारा के अभाव में राजनीतिक दल बिखर जाते हैं।
वही हाल सपा का होगा। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य विकास, सुरक्षा और जनकल्याण को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इससे पहले उन्होंने ब्लाक परिसर में पौधरोपण किया और ग्राम विकास विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। मुरादाबाद सदर ब्लाक की चार महिला लाभार्थियों शबनम, आशा, सुलोचना व कपिलदेवी को प्रधानमंत्री आवास योजना में स्वीकृत आवासों की चाबियां भी सौंपीं।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने लघु उद्योग भारती परिवार के सदस्यों, निर्यातकों से भी संवाद किया। सिद्ध अस्पताल पहुंचकर 70 दिन-70 वार्ड अभियान की सराहना की। शहर विधायक रितेश गुप्ता व महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के घर भी पहुंचे।
फिर सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक कर अफसरों से विकास कार्यों का हाल जाना। कार्यक्रम में शहर विधायक, महानगर अध्यक्ष के साथ महापौर विनोद अग्रवाल, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, ब्लाक प्रमुख मनीष सिंह, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन विजयभान सिंह, जिला अध्यक्ष आकाश पाल समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन संजीव आकांक्षी ने किया।
निर्यातकों ने रखीं समस्याएं, सिंगल विंडो सिस्टम की मांग
लघु उद्योग भारती परिवार के सदस्यों ने परंपरा फेस-दो स्थित मेसर्स पार्थ ओवरसीज के स्वामी निर्यातक राजीव गोयल के आवास पर उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। कहा कि निर्यातकों को अपनी इकाइयों के संचालन के लिए विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने में काफी समय और संसाधन खर्च करना पड़ता हैं। ऐसे में जिला उद्योग केंद्र (डीआइसी) के माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए।
गृहकर और जलकर से जुड़ी समस्याओं के साथ स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना की आवश्यकता भी बताई। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा आर-2 श्रेणी की औद्योगिक इकाइयों से पानी की लैब जांच संबंधी नियमों से उत्पन्न दिक्कतों को भी रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने पंडित नगला मिनी बाईपास रोड पर हनुमान मंदिर से संभल रेलवे क्रासिंग तक दोनों ओर करीब 20-25 वर्षों से संचालित औद्योगिक इकाइयों वाले क्षेत्र को आर-2 श्रेणी से हटाकर औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
प्रेमनगर इंडस्ट्रियल एरिया को भी पूर्ण रूप से औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने का आग्रह किया। ईएसआइ अस्पताल की स्थापना को आवश्यक बताया।
इस दौरान लघु उद्योग भारती के अजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री अमित अग्रवाल, मेरठ संभाग उपाध्यक्ष अंशुल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत जुनेजा, मंडल उपाध्यक्ष अतुल भूटानी, जिलाध्यक्ष रचित अग्रवाल, महासचिव अमित कपूर, कोषाध्यक्ष हिमांशु बंसल, अजय गोयल, राकेश ढल, अमित चौधरी आदि मौजूद रहे।
लंबित पड़ी सब्सिडी का शीघ्र भुगतान कराने का आग्रह
सर्किट हाउस में एक्सपोर्टर्स वाइस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भी उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ, अंतरराष्ट्रीय संघर्षों और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण निर्यात कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
ऐसे में उद्योग को सरकारी सहयोग की आवश्यकता है। निर्यातकों ने सरकार से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत लेकिन लंबित पड़ी सब्सिडी का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
ओडीओपी योजना के तहत फैक्ट्रियों में फायर सेफ्टी और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं स्थापित करने के लिए विशेष सब्सिडी दिए जाने की मांग की। निर्यात इकाइयों पर लगाए जाने वाले हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में राहत देने की भी मांग की। चेयरमैन अनूप शंखधार, महासचिव विशाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रजत सिंघल, उपाध्यक्ष नदीम खान, उप सचिव नबील अहमद, ऋषभ सिंघल आदि मौजूद रहे।
70 दिन-70 वार्ड अभियान की गूंज
उप मुख्यमंत्री सिद्ध मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल निदेशक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डा. अनुराग मेहरोत्रा ने ‘70 दिन-70 वार्ड एक मिशन’ अभियान की जानकारी दी।
डॉ. अनुराग ने बताया कि नगर निगम और दैनिक जागरण के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उप उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की सराहना की।
