राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सीएम योगी के बयान के बाद भड़की सपा, बृजभूषण शरण सिंह का नाम लेकर किया बड़ा दावा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सीएम योगी के बयान के बाद भड़की सपा, बृजभूषण शरण सिंह का नाम लेकर किया बड़ा दावा

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एसआईटी जांच कर रही है और दूध का दूध पानी का पानी होगा. अब इस पर समाजवादी पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है. सपा नेता और प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने अपने बयान में बीजेपी नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का जिक्र किया.

भदौरिया ने कहा कि जब दानपात्र में चोरी की बात आई तो सपा ने आवाज उठाई. बीजेपी ने तो आवाज नहीं उठाई. वह तो सत्ता में हैं, जिम्मेदारी तो उनकी भी है. दानपात्र में अगर प्रभु में आस्था रखने वालों के दान की चोरी हो रही है तो क्या हम आवाज भी न उठाएं? जब अयोध्या में जमीन की खरीद फरोख्त का मामला आया तो हमने आवाज उठाई.शंकराचार्य और उनके बटुकों के साथ गलत हुआ तो हमने आवाज उठाई.

सपा नेता ने कहा कि बात को घुमाने का फायदा नहीं है. भदौरिया ने कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेता भी तो आवाज उठा रहे हैं. वो खुद कह रहे हैं बड़े लोग हैं, मैं बोलूंगा तो फंस जाऊंगा. कौन हैं वो बड़े लोग… प्रभु श्रीराम से बड़ा कौन है.