शशि थरूर ने की BRICS समिट की तारीफ, बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर दिए गए सकारात्मक बयान ने सियासी बहस को तेज कर दिया है। थरूर ने भारत की ओर से BRICS समिट की मेजबानी को गौरव की बात बताते हुए इसे ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए महत्वपूर्ण मंच करार दिया। उनके बयान को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी के भीतर मतभेद होने का दावा किया है।
दरअसल, थरूर का यह बयान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम द्वारा BRICS को लेकर सवाल उठाए जाने के एक दिन बाद आया है। चिदंबरम ने पूछा था कि BRICS समूह से भारत को वास्तविक तौर पर क्या लाभ मिला है। वहीं, थरूर ने सम्मेलन की मेजबानी और समूह की वैश्विक भूमिका की सराहना की।
बीजेपी ने कांग्रेस पर कसा तंज
बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद का बयान पार्टी के भीतर BRICS को लेकर अलग-अलग रुख को उजागर करता है।
भंडारी ने कहा कि थरूर ने BRICS को ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया है, जबकि कांग्रेस के कुछ नेता इसकी उपयोगिता पर सवाल उठा रहे हैं।
थरूर ने बताया BRICS को अहम मंच
शशि थरूर ने BRICS की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि यह ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के लिए अपनी बात रखने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि BRICS के 11 सदस्य देश दुनिया की बड़ी आबादी और वैश्विक GDP के करीब 41 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।
थरूर ने भारत द्वारा सम्मेलन की मेजबानी को भी बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि BRICS देशों के अलावा अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की दिल्ली में मौजूदगी भारत की वैश्विक कूटनीतिक क्षमता को दर्शाती है।
कांग्रेस सांसद के मुताबिक, दुनिया के कई प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाना अपने आप में भारत के लिए कूटनीतिक लाभ है और इससे वैश्विक स्तर पर देश की भूमिका तथा प्रभाव को मजबूती मिलती है।
