NEET पेपर लीक मामले की दूसरी मास्टरमाइंड महिला लेक्चरर गिरफ्तार, NTA ने इस पद पर किया था तैनात

NEET पेपर लीक मामले की दूसरी मास्टरमाइंड महिला लेक्चरर गिरफ्तार, NTA ने इस पद पर किया था तैनात

नई दिल्लीः NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने बायोलॉजी के सवाल लीक करने वाली एक और कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे के रूप में हुई है। सीबीआई के मुताबिक मनीषा मंधारे को NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था। इसी वजह से उसे बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच थी। जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2026 के दौरान उसने पुणे की मनीषा वाघमारे (जिसे पहले ही 14 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है) के जरिए कई NEET अभ्यर्थियों को जोड़ा था।

मनीषा गुरुनाथ मंधारे ने छात्रों को बताया प्रश्न पत्र

सीबीआई के अनुसार मनीषा मंधारे ने अपने पुणे स्थित घर पर छात्रों के लिए खास कोचिंग क्लासेस चलाईं। इन क्लासेस में उसने बॉटनी और जूलॉजी के कई संभावित सवाल छात्रों को बताए, उन्हें नोटबुक में लिखवाया और किताबों में मार्क भी करवाया। जांच में पाया गया कि इन सवालों में से ज्यादातर सवाल 3 मई 2026 को हुई असली NEET-UG परीक्षा के पेपर से मेल खाते थे।

जांच एजेंसियों का कहना है कि अब तक की पड़ताल में केमिस्ट्री और बायोलॉजी पेपर लीक के असली स्रोत का पता चल चुका है। साथ ही उन बिचौलियों की भी पहचान हुई है, जिन्होंने लाखों रुपये लेकर छात्रों को उन “स्पेशल क्लासेस” तक पहुंचाया, जहां परीक्षा में आने वाले सवाल पहले से बताए जा रहे थे। CBI का कहना है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और प्रोफेशनल तरीके से जारी रहेगी।

परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर किया गया था शामिल

केमेस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी और बॉटनी की टीचर मनीषा गुरुनाथ दोनों NTA ने NEET- UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था। दोनों ने ही पेपर लीक करने के लिए पुणे की ही रहने वाली मनीषा वाघमारे नाम की महिला का सहारा लिया। मनीषा वाघमारे ने ही NEET की तैयारी करने वाले पैसों वाले घराने के स्टूडेंट जुटाए। उसके बाद एक स्पेशल क्लास पीवी कुलकर्णी के लिए और एक स्पेशल क्लास मनीषा रघुनाथ के लिए चलाया गया और इसी स्पेशल क्लास में पेपर लीक किया गया। मनीषा वाघमारे अब इस पेपर लीक केस में एक अहम कड़ी है। मनीषा का अकाउंट भी सीज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक इस केस में एक और बड़ी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

कई जगहों पर सीबीआई ने की छापेमारी

सीबीआई ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देशभर में 6 जगहों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। अब इन सभी इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी सबूतों की गहराई से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि यह मामला शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के बाद 12 मई 2026 को CBI ने दर्ज किया था। केस दर्ज होते ही कई विशेष टीमें बनाई गईं और देशभर में छापेमारी शुरू की गई।

अब तक इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को अदालत में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं कल गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों को पुणे की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है।

Leave a Reply