‘भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की परंपरा…’, शुभेंदु अधिकारी बने CM तो बोले संजय राउत
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी को भारतीय जनता पार्टी ने अपना मुख्यमंत्री बनाया है. जिस पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राउत ने तीखा हमला किया है. संजय राउत ने कहा कि बीजेपी ने इन्हीं के खिलाफ भ्रष्टाचार की मुहिम चलाई थी. भाजपा में बाहर से आने वाले भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की परंपरा है उसे उन्होंने कायम रखा है.
संजय राउत ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कहा कि “भारतीय जनता पार्टी का अभिनंदन करना चाहिए, जो अपनी परंपरा कभी तोड़ते नहीं. परंपरा कायम रखने में उनका हाथ कोई पकड़ नहीं पाएगा. कुछ साल पहले, इन्हीं शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ भाजपा के लोगों ने, पूरे बीजेपी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई थी. इन्हीं अधिकारी के खिलाफ बहुत बड़ी मूवमेंट चलाई थी.
दूसरे दल से आए भ्रष्ट व्यक्ति को बनाया सीएम
शिवसेना नेता ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी को ऑन कैमरा रिश्वत लेते हुए उनको पकड़ा गया था और पूरे बीजेपी के ट्विटर हैंडल और सोशल मीडिया पर शुभेंदु अधिकारी ही चल रहा था महीनों-महीनों तक कि कितने भ्रष्ट व्यक्ति हैं. इस भ्रष्ट व्यक्ति के ऊपर ईडी (ED) की रेड्स हो गईं. फिर ये महान व्यक्ति बीजेपी में चला गया और आज उस राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया गया.
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी में एक भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की जो परंपरा है, वो भी बाहर से आने वाले उस परंपरा को भारतीय जनता पार्टी ने कायम रखा है, इसके लिए उनका अभिनंदन.
तमिलनाडु में कांग्रेस के गठबंधन तोड़ने पर बयान
वहीं तमिलनाडु में डीएमके से गठबंधन तोड़कर कांग्रेस द्वारा विजय थलापति की टीवीके का समर्थन करने पर संजय राउत ने कहा कि राजनीति में ऐसा होता है, तमिलनाडु की राजनीति बहुत चंचल है. स्टालिन साहब से राहुल गांधी ने इस बारे में खुलकर बात की है कि एनडीए (NDA) की सरकार रोकने के लिए हमको ये निर्णय लेना पड़ेगा, आप भी उसमें शामिल हो जाइए. धीरे-धीरे ये मामला सुलझ जाएगा.
