चुनाव जीतने के लिए अखिलेश यादव ने बढ़ाए बाल! ओम प्रकाश राजभर ने आजम खान और टोटका का किया जिक्र
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष में लगातार जुबानी जंग जारी है. इस बीच कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर चुनाव जीतने के लिए ‘टोटके’ का सहारा लेना, जैसा तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा अखिलेश यादव आखिर किसके कहने पर अपने बाल बढ़ा रहे हैं.
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है. जिसमें उन्होंने सपा चीफ अखिलेश यादव पर आम खान और शिवपाल यादव से दूरी बना लेने का भी आरोप लगाया है. फिलहाल अभी इस पर सपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
ओम प्रकाश राजभर का पोस्ट
सुभासपा प्रमुख ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “चुनाव जीतने के लिए अखिलेश यादव जी क्या-क्या नहीं कर रहे हैं. टोटके का भी सहारा ले रहे हैं. उन्होंने अपने बाल बढ़ा लिए हैं. अब अखिलेश जी ने यह किसी पंडित या ज्योतिषी के कहने पर किया या फिर किसी मौलाना ने उन्हें ऐसा करने को कहा- इसकी सत्यता स्वयं अखिलेश जी ही बता सकते हैं. माता प्रसाद पांडे अथवा रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी जी भी बता सकते हैं.”
आजम खान-शिवपाल से दूरी पर तंज
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने सपा में अखिलेश यादव को पार्टी नेताओं से दूरी बनाने का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने लिखा, “चचा शिवपाल और आजम खान जी के अलावा इन दो लोगों के साथ निजी गुफ्तगू है. जो भी हो, आजम खान तो कम से कम ‘कव्वालों’ जैसे बाल बढ़ाने की सलाह अखिलेश जी को नहीं देंगे. वैसे भी आजम खान की सलाह पर महीनों से अखिलेश जी ने अमल करना छोड़ ही दिया है. अखिलेश जी कुछ भी कर लें, चुनाव टोटकों से नहीं जीता जाता. आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी और शिवपाल यादव जी टोटकों से नेता नहीं बने. माटी में पसीना बहाकर नेता बने. लेकिन अखिलेश जी टोटकों से नेता बनने की फिराक में हैं.”
सपा प्रमुख के लंबे बाल रखने का राज कोई टोटका या फिर कुछ और ये तो खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही बताएंगे. लेकिन हां यूपी चुनाव से पहले अब इस दोनों तरफ से जुबानी जंग तेज होगी.
