विनोद साहनी हत्या मामले पर संजय निषाद का धरना, अखिलेश ने BJP को घेरा

विनोद साहनी हत्या मामले पर संजय निषाद का धरना, अखिलेश ने BJP को घेरा

गोंडा में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. लखनऊ के KGMU में इलाज के दौरान उनकी मौत के बाद कैबिनेट मंत्री संजय निषाद समेत कई नेता मर्चुरी के बाहर धरने पर बैठ गए. वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मामला गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनोवा इलाके का है. 45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी बर्तन की दुकान चलाते थे. बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया.

आरोप है कि पहले विनोद के साथ मारपीट की गई और इसके बाद धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया गया. हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर

परसपुर CHC में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने विनोद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ भेज दिया था.

विनोद को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भर्ती कराया गया था. यहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

अखिलेश यादव ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने विनोद साहनी को सपा से जुड़ा हुआ बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की.

अखिलेश यादव ने लिखा, “गोंडा में सपा से जुड़े हुए बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो. श्रद्धांजलि! भाजपा राज में उप्र अपराध व अराजकता के चरम पर है. भाजपा ने अपने कुकर्मों में संलिप्त होने के लिए पुलिस को बाध्य करके केवल पुलिस की शक्ति और प्रभाव को ही कम नहीं किया है बल्कि झूठे मुकदमों और एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर, हर तरह से पुलिस को भ्रष्ट भी कर दिया है.”

KGMU के बाहर नेताओं का धरना

विनोद साहनी की हत्या के बाद मामला राजनीतिक रूप भी ले चुका है. उनकी हत्या के विरोध में लखनऊ स्थित KGMU की मर्चुरी के बाहर निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, समाजवादी पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजपाल कश्यप और वीआईपी पार्टी के मुकेश साहनी धरने पर बैठ गए.

अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े ये तीनों नेता एक साथ धरने पर बैठे नजर आए. नेताओं ने मामले में सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.

मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू समेत तीन आरोपियों को गुरुवार रात करीब 9 बजे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और हमले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

व्यापारी की मौत के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है.

परिवार और इलाके में गुस्सा

विनोद साहनी की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में गम के साथ गुस्सा भी है. परिजनों का कहना है कि जिस तरह रास्ते में रोककर उन पर हमला किया गया, उसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अब जांच में यह साफ करने की कोशिश की जा रही है कि हमले की असली वजह क्या थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे. पुलिस की कार्रवाई और जांच के आगे बढ़ने के साथ ही इस मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है.

Leave a Reply