वरुण धवन को रितेश देशमुख ने भेजा कानूनी नोटिस, वकील नहीं उठा रहा फोन

- अमेजन के मिनी-टीवी पर केस तो बनता है इस शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इस सेलेब्रिटी शो में बॉलीवुड सेबेल्स को आरोप बनाया जा रहा है और उन पर जनता के इल्जाम लगाये जाएंगे। सेलेब्स को वरुण शर्मा डिफेंड करेंगे। यह कॉमेडी शो है।
नई दिल्ली। अमेजन मिनी-टीवी पर कॉमेडी शो ‘केस तो बनता है’ शुरू हो रहा है। इस शो में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज आरोपी बनकर पहुंचेंगे। रितेश देशमुख इस शो में जनता के वकील बने हैं, जो उन पर आरोप लगाएंगे, जबकि वरुण शर्मा सेलेब्रिटी के वकील हैं और वो अदालत में उनका बचाव करेंगे। इस शो के पहले सेलेब्रिटी गेस्ट आरोपी वरुण धवन हैं, जो इस वक्त रितेश के इल्जामों से परेशान हैं। शो से पहले वरुण ने एक दिलचस्प वीडियो जारी किया है, जिसमें वरुण धवन फोन पर अपने वकील वरुण शर्मा से बात कर रहे हैं।
वरुण धवन पर लगे इल्जाम
वरुण धवन कहते हैं कि रितेश ने उन्हें एक कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें कई इल्जाम लगाये गये हैं। वो वरुण शर्मा को केस बताना चाहते हैं, मगर वरुण बेहद बिजी हैं, क्योंकि कभी करीना कपूर खान का तो कभी रोहित शेट्टी का फोन आ रहा है। सम्भव है आने वाले एपिसोड्स में यह सेलेब्रिटी भी शो में नजर आएं। वरुण शर्मा बार-बार कहते हैं कि तू चिंता मत कर, मैं सब देख लूंगा। इस वीडियो के साथ वरुण शर्मा ने लिखा- तू टेंशन ना ले वरुण भाई। मैं हूं ना। मैं बचा लूंगा। मेरे होते हुए क्यों स्ट्रेस ले रहा है। वरुण ने वीडियो पर लव की इमोजी बनाकर रिएक्ट किया है।
मिनी-टीवी पर शो 29 जुलाई को स्ट्रीम किया जा रहा है। शो में कुशा कपिला जज के रोल में दिखेंगी। यह वीकली शो है, जिसका नया एपिसोड हर शुक्रवार को स्ट्रीम किया जाएगा। वरुण धवन की आखिरी फिल्म जुग जुग जीयो है, जो जून में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में वरुण के साथ कियारा आडवाणी, अनिल कपूर और नीतू कपूर मुख्य किरदारों में नजर आये। अब यह फिल्म ओटीटी पर आ चुकी है।
कैसे देखें शो ‘केस तो बनता है’
अमेजन मिनी-टीवी का कंटेंट देखने के लिए अमेजन की शॉपिंग वेबसाइट या ऐप डाउनलोड कर लीजिए। ऐप खोलते ही सर्च बार के मीनू में मिनी-टीवी का आइकॉन नजर आएगा। इस आइकॉन पर क्लिक करने पर आप मिनी-टीवी में पहुंच जाएंगे। यहां उपलब्ध सारा कंटेंट मुफ्त देखा जा सकता है।