‘अगर कोई अपराध…’, आजम खान के खिलाफ आए कोर्ट के फैसले पर केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान को हेट स्पीच मामले में 2 साल की सजा सुनाए जाने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजम खान मामले पर कहा है कि यह अदालत का फैसला है. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर कोई अपराध करेगा तो न्यायालय सुनवाई करेगा और गुणदोष के आधार पर फैसला सुनाएगा.
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि ‘जो जस करै सो तस फल चाखा है.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि यूपी सरकार ने इस पर अमल किया है. मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्रियों ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी है. इसके साथ ही कार्यकर्ता भी लगातार तेल बचाने की मुहिम में जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा हर देशवासी सजग है और सबकी चिंता यही है कि कैसे विदेशी मुद्रा बचाई जाए.
अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया है जब अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को सबसे बड़ा संकट बताया है. सपा चीफ पर जुबानी हमला बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अखिलेश यादव एसी कमरे में बैठकर ट्वीट करते हैं और मीडिया के साथी उसे चला देते हैं.
विधायक को पूजा पाल को डिप्टी सीएम बनाने की सलाह पर प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी छोड़ने वाली विधायक पूजा पाल को डिप्टी सीएम बनाए जाने की अखिलेश यादव की सलाह पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि पूजा पाल वरिष्ठ नेता हैं, वह तीन बार की विधायक हैं. पूजा पाल का बहुत सम्मान है और उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है
पेपर एक स्थान से दूसरे स्थान भेजने की प्रक्रिया होगी खत्म
नीट परीक्षा के छात्रों के आत्महत्या के मामले में राहुल गांधी द्वारा सिस्टम की हत्या बताए जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसी परीक्षाओं में पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है. पेपर लीक से निश्चित तौर पर उसमें शामिल होने वाले बच्चों को कष्ट होता है. केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि आने वाले समय के लिए सरकार ने कुछ बड़े कदम उठाए हैं. पेपर एक स्थान से दूसरे स्थान भेजने की प्रक्रिया खत्म होगी और अब ऑनलाइन परीक्षा की ओर बढ़ेंगे तो पेपर लीक भी खत्म होगा.
इसके अलावा केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी सरकार बनने का दावा किया है, साथ ही कहा है कि 2027 में समाजवादी पार्टी पूरी तरह से सफा हो जाएगी.
