अमित शाह के खिलाफ बोलकर फंसे राहुल, विशेषाधिकार हनन पर नोटिस जारी

अमित शाह के खिलाफ बोलकर फंसे राहुल, विशेषाधिकार हनन पर नोटिस जारी

नई दिल्ली: लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 28 अगस्त 2026 तक जवाब देने को कहा है।

यह मामला संसद के मानसून सत्र के दौरान एंटी-पेपर लीक विधेयक पर हुई चर्चा से जुड़ा है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने सदन में अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया तथा गंभीर और निराधार आरोप लगाए। इसके बाद उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा था।

नोटिस में अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि राहुल गांधी ने लोकसभा नियम 352 का उल्लंघन किया है। उन्होंने मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने, जांच कराने और राहुल गांधी से सदन तथा अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने का आग्रह किया था।

अब विशेषाधिकार समिति द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद राहुल गांधी को अपना पक्ष रखना होगा। मामले पर राजनीतिक घमासान तेज होने की संभावना है, क्योंकि कांग्रेस और भाजपा पहले से ही इस मुद्दे पर आमने-सामने हैं।