इंडिया गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी का बड़ा दावा, बोले- “जनता का गुस्सा बढ़ा तो PM मोदी एक साल भी नहीं टिकेंगे”
दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन (INDIA Bloc) की अहम बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने विदेश नीति से लेकर अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे तक सरकार को घेरते हुए कई गंभीर सवाल उठाए।
बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट को लेकर केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट नहीं रहा है। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों के हितों से समझौता किया है।
आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने दावा किया कि आर्थिक क्षेत्र में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक असंतोष है। पेपर लीक की घटनाओं को सरकार की लापरवाही बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने बैठक में कहा, “जनता के बीच सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले एक साल के भीतर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे।”
विपक्ष को एकजुट होने का आह्वान
कांग्रेस नेता ने विपक्षी दलों से एकजुट होकर संघर्ष तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संसद से लेकर सड़क तक सभी विपक्षी दलों को साझा रणनीति के तहत सरकार के खिलाफ आवाज उठानी होगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में विपक्ष की एकता बेहद जरूरी है।
बैठक में परिसीमन (डिलिमिटेशन) के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, जिस पर विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाने का दावा किया।
2029 की तैयारी में जुटा इंडिया गठबंधन
वहीं बैठक से पहले शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और सांसद Sanjay Raut ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और उसकी नजर 2029 के लोकसभा चुनाव पर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल आपस में नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि आगामी चुनावी मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं।
राउत ने राहुल गांधी के नेतृत्व का समर्थन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व को लेकर गठबंधन के भीतर कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 2029 के चुनाव में विपक्ष को प्रधानमंत्री पद के लिए एक साझा चेहरा पेश करना होगा।
संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का लक्ष्य सत्ता परिवर्तन के साथ-साथ देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, सम्मान और मूल्यों की रक्षा करना है। उनके अनुसार यही भावना देश की जनता के बीच भी दिखाई दे रही है।
