शिक्षा और रोजगार की लड़ाई में उतरे राहुल गांधी, लॉन्च किया Students Echo
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को छात्रों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से कांग्रेस के नए अभियान ‘स्टूडेंट्स इको (Students Echo)’ से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा, परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े युवाओं के मुद्दों को सीधे सरकार तक पहुंचाना है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी ने लिखा कि यदि किसी छात्र ने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बढ़ती फीस या शिक्षा व्यवस्था की खामियों का सामना किया है और उसके सपनों को इस व्यवस्था ने प्रभावित किया है, तो ‘स्टूडेंट्स इको’ उनकी आवाज बनने का मंच है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि सस्ती शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षाओं और सम्मानजनक रोजगार की मांग को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने युवाओं से सुझाव देने और अभियान से जुड़ी याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील करते हुए कहा कि हर एक हस्ताक्षर इस लड़ाई को और मजबूत बनाएगा और जितनी ज्यादा भागीदारी होगी, आवाज उतनी ही बुलंद होगी।
कांग्रेस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, छात्र अपनी जानकारी दर्ज कर, अपने सुझाव साझा कर और पिटीशन पर हस्ताक्षर करके इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
‘छात्रों की गूंज’ अभियान कांग्रेस की उस व्यापक मुहिम का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों जैसे पेपर लीक, भर्ती में कथित अनियमितताएं, बढ़ती कोचिंग फीस और शिक्षा तक पहुंच की चुनौतियों को प्रमुखता से उठा रही है।
इस अभियान की शुरुआत राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से आयोजित ‘छात्रों की गूंज महा रैली’ के जरिए की। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI और यूथ कांग्रेस की भागीदारी के साथ इस अभियान को देश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। इसके तहत राहुल गांधी इलाहाबाद, पटना और दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भी संबोधित करेंगे।
