कृषि कानूनों के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जाते राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN] । राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन से जुड़े किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री को सम्बोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय किसान मजूदर संगठन से जुड़े किसान जिलाध्यक्ष चौ. सुखवीर सिंह के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा कृषि कानून के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. सुखवीर सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों की जायज मांगों की अनदेखी किए जाने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने तीनों कृषि सम्बंधी काले कानूनों को वापस लेने, गन्ना मूल्य 500 रूपए प्रति कुंतल घोषित करने, विगत वर्ष का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान ब्याज सहित कराने, विद्युत दर पड़ोसी राज्यों के बराबर करने, पात्ती व पराली जलाने पर दर्ज मुकदमें तुरंत वापस लेने तथा भविष्य में किसानों पर कोई भी मुकदमा दर्ज न कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में महानगर अध्यक्ष रविन चौहान, महासचिव किरणपाल सिंह, ग्राम प्रधान नवीन त्यागी, अशोक त्यागी, युवा जिलाध्यक्ष विशु त्यागी आदि मौजूद रहे।