‘दाम बढ़ रहे हैं, आपूर्ति नहीं…’, बिजली कटौती को लेकर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, मायावती ने दी सलाह
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती बढ़ गई हैं. राजधानी लखनऊ में तो बिजली कटौती से परेशान लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. जिसे लेकर अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सवाल उठाए हैं. सपा मुखिया ने निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के राज में सिर्फ कीमतें बढ़ रही है सप्लाई नहीं.
बिजली कटौती को लेकर भाजपा पर निशाना
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने लिखा- ‘बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में. मुँह से ये कह ही देते ‘3×660 SUPERCRITICAL THERMAL POWER PLANT’ तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती.
भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ़ ‘मांग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं. भाजपा राज, यूपी ख़स्ताहाल!’ अखिलेश यादव ने इस पोस्ट के साथ लखनऊ में बिजली कटौती से परेशान लोगों के प्रदर्शन करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें लोग भाजपा सरकार के विरोध नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं.
मायावती ने की बिजली आपूर्ति सुधार की अपील
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती को लेकर निशाना साधा और सरकार से जनहित में व्यापक कदम उठाने की माँग की. मायावती ने एक्स पर लिखा- ‘उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम अपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर ग़रीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है.
अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति सम्बंधी लोगों के कष्ट व परेशानियों को ध्यान में रखते हुये ज़रूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नये पावर प्लाण्ट आदि के माध्यम से भी आगे के लिये बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा.’
