यमुना के पानी को लेकर राजस्थान में सियासी संग्राम, CM भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत आमने-सामने

यमुना के पानी को लेकर राजस्थान में सियासी संग्राम, CM भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत आमने-सामने

यमुना के पानी को लेकर हरियाणा के साथ हुए समझौते से राजस्थान को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. हालांकि यमुना के इस पानी को लेकर राज्य में जमकर सियासत भी हो रही है. इस मुद्दे पर सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत आमने-सामने है. दोनों एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं.

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते का मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट सार्वजनिक किए जाने की मांग करते हुए कहा है कि जिस दिन यमुना का पानी राजस्थान में हकीकत में आ जाएगा, उस दिन वह मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनंदन करेंगे. दूसरी तरफ सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा है कि उन्हें गहलोत की माला और उनके स्वागत की कोई जरूरत नहीं है.

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल पर सोमवार को नई दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना के पानी को लेकर मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट साइन हो गया. इसके तहत हरियाणा से यमुना का पानी पाइपलाइन के जरिए राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र में भेजा जाएगा.

एयरपोर्ट पर सीएम भजनलाल का स्वागत

राजस्थान सरकार इसे बहुत बड़ी उपलब्धि बता कर दो दिनों से गुणगान करने में लगी हुई है. आज नई दिल्ली से जयपुर पहुंचने पर सीएम भजनलाल शर्मा का एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी दफ्तर तक जोरदार स्वागत किया गया. ढोल नगाड़े बजाए गए. इलेक्ट्रिक बसों पर रोड शो किया गया.

MoU सार्वजनिक करना चाहिए- अशोक गहलोत

इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मेमोरेंडम के एग्रीमेंट को सार्वजनिक किए जाने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि राज्य के लोगों को यह पता होना चाहिए कि आखिरकार हरियाणा से किस तरह का और क्या समझौता हुआ है.

‘सिर्फ समझौता साइन करने से कुछ नहीं होता’

उन्होंने यह भी कहा है कि सिर्फ समझौता साइन करने से कुछ नहीं होता है. वह तो इसे तभी उपलब्धि मानेंगे जब यमुना का पानी राजस्थान की जमीन पर आना शुरू हो जाएगा. अशोक गहलोत में आज फिर दोहराया कि जिस दिन यमुना का पानी राजस्थान की जमीन पर आने लगेगा वह खुद मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनंदन करेंगे. बीजेपी के लोग उनके इस पुराने बयान को गलत तरीके से पेश कर भ्रम फैला रहे हैं.

सीएम भजनलाल ने अशोक गहलोत पर निशाना साधा

दूसरी तरफ सीएम भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री रहते हुए अशोक गहलोत अपनी कुर्सी बचाने के लिए बार-बार दिल्ली जाते थे, लेकिन वह योजनाओं की सौगात लाने के लिए दिल्ली जाते हैं. भजनलाल शर्मा का कहना है कि मुझे अशोक गहलोत की माला और अभिनंदन की कोई जरूरत नहीं है. यमुना के पानी को लेकर हरियाणा के साथ समझौता कर बीजेपी ने संकल्प पत्र के अपने वादे को पूरा किया है. यह राजस्थान के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है.

कहा जा सकता है कि मानसून की एंट्री से पहले राजस्थान में पानी को लेकर सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है. पानी कब मिलेगा, इस बारे में दावे के साथ कोई कुछ भी नहीं कह रहा है, लेकिन सियासी आरोप प्रत्यारोप को लेकर दावे जरूर किए जा रहे हैं. पानी के मुद्दे पर सीधे तौर पर मौजूदा और पूर्व सीएम का आमने-सामने आना सियासी गलियारों में चर्चा का सबब बना हुआ है.