कोटा में राहुल गांधी के छात्र संवाद से पहले सियासी संग्राम, अशोक गहलोत ने लगाए आरोप तो CM भजनलाल ने दिया जवाब
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आज कोटा में होने वाले छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर राजस्थान की राजनीति में उबाल आ गया है. कांग्रेस और बीजेपी दोनों दलों ने एक-दूसरे पर कोचिंग व हॉस्टल संचालकों को धमकाकर छात्रों की भीड़ जुटाने या रोकने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीधा आरोप लगाया है कि कोटा के सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रभावित करने में जुटे हैं. गहलोत का दावा है कि स्पीकर के ऑफिस से कोचिंग और हॉस्टल संचालकों को फोन कर धमकाया जा रहा है. संचालकों से कहा जा रहा है कि अगर उनके यहाँ के स्टूडेंट राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल हुए तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
धमकाने के बजाय नेता विपक्ष का सम्मान करें स्पीकर- गहलोत
गहलोत ने कहा कि ओम बिरला जिस सदन के स्पीकर हैं, उसी सदन के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उनके चुनाव क्षेत्र में जा रहे हैं. ऐसे में स्पीकर को लोकतांत्रिक मर्यादा के तहत धमकाने के बजाय विपक्ष के नेता का स्वागत करना चाहिए. उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक रवैया बताया.
CM भजनलाल ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
दूसरी तरफ राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने गहलोत के आरोपों का न सिर्फ खंडन किया, बल्कि उल्टा कांग्रेस पर ही धमकाने का आरोप मढ़ दिया. गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने कहा कि कोचिंग संचालकों को डराने-धमकाने का काम खुद अशोक गहलोत और कांग्रेस के दूसरे नेता कर रहे हैं. बेडम के मुताबिक कांग्रेस गलत आरोप इसलिए लगा रही है ताकि असलियत सामने आने पर कोई उन पर उंगली न उठा सके.
राजेन्द्र राठौड़ का गहलोत पर पलटवार
इस मामले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी गहलोत पर तीखा पलटवार किया. उन्होंने गहलोत को चुनौती देते हुए पूछा कि वह किस कानून और नियम के तहत लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से राहुल गांधी का स्वागत करने की मांग कर रहे हैं. राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के आरोप पूरी तरह अनर्गल हैं. अगर गहलोत के आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो उन्हें सबूत जनता के सामने पेश करना चाहिए.
NEET रीएग्जाम से पहले ऐसे कार्यक्रम, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़- राठौड़
राठौड़ ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा से ठीक 3 दिन पहले इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर राहुल गांधी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. उनका आरोप है कि अशोक गहलोत यह सब जानबूझकर कर रहे हैं. ताकि कार्यक्रम फ्लॉप होने के बाद इसका ठीकरा स्पीकर ओम बिरला और बीजेपी के सिर फोड़ा जा सके. फिलहाल कोटा में छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी चरम पर है. दोनों दल एक-दूसरे को घेरने में जुटे हैं. कांग्रेस इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बता रही है, जबकि बीजेपी इसे कांग्रेस की हताशा करार दे रही है.
