गागलहेड़ी में पुलिस मुठभेड़, एक घायल समेत दो गौकश गिरफ्तार
तमंचा, कारतूस, स्कूटी, गौकशी के उपकरण और जिंदा गौवंश बरामद
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, स्कूटी, गौकशी के उपकरण और एक जिंदा गौवंश बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गागलहेड़ी थाना पुलिस देर शाम काली नगदी चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमरपुर से ग्राम सिकंदरपुर जाने वाले रास्ते पर पोपुलर के खेत में कुछ लोग गौकशी करने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक मौके पर पांच-छह लोग मौजूद थे और गौकशी का प्रयास कर रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र अल्ताफ निवासी ग्राम कैलाशपुर, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई। वहीं पुलिस ने मौके से एक अन्य आरोपी अबुजर उर्फ अजहर पुत्र परवेज निवासी कैलाशपुर, थाना गागलहेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने काफी देर तक जंगल में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन फरार आरोपियों का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक स्कूटी, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक जिंदा गौवंश बरामद किया है। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
