फरीदाबाद में पीएम मोदी की रैली, कहा- 5 महीने में ही मेरी सरकार ने कितने बड़े-बड़े फैसले लिए

फरीदाबाद में पीएम मोदी की रैली, कहा- 5 महीने में ही मेरी सरकार ने कितने बड़े-बड़े फैसले लिए

हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही चुनावी रणभूमि में राजनेताओं ने कमर कस ली है। सभी पार्टियां जमकर प्रचार-प्रसार कर जन समर्थन बटोरने में लगी हुई हैं। इसी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर 61 में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्हें देखने के लिए दोपहर 12 बजे के बाद से ही बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने के निर्धारित समय से घंटों पहले से ही भारी संख्या में फरीदाबाद की महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर इकट्ठा हो गई थीं। सभी के अंदर पीएम मोदी की एक झलक देखने के लिए उत्साह भरा था जो मोदी के पहुंचने पर दोगुना हो गया।

पीएम मोदी ने कही ये बातेंः

  • पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वो अभी बिखरे हुए हैं, कुनबों में बंटे हुए हैं। वह जितना अपने आप को समेटने की कोशिश करते हैं उतने बिखरते चले जाते हैं।
  • पीएम ने लोगों को पूछा कि क्या आप ऐसे बिखरे लोगों को हरियाणा की कमान सौंपेंगे।
  • उन्होंने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सिर्फ पांच महीने हुए हैं मेरी सरकार दोबारा बने और मैंने कितने बड़े-बड़े फैसले लिए।
  • उन्होंने कहा कि मैं अनुच्छेद 370 के फैसले की बात कर रहा हूं। ये हरियाणा की ही नहीं पूरे देश की भावना थी कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलगाव और हिंसा के रास्ते से निकालकर प्रगति और विकास के रास्ते पर ले जाया जाए।
  • पीएम मोदी ने पूछा कि इस फैसले का श्रेय मोदी को नहीं बल्कि बल्लभगढ़ के लोगों और देश की 130 करोड़ जनता को जाता है जिसने मुझे अपना जनादेश दिया।
  • जिनको इस फैसले से परेशानी है वो तिलमिलाए हुए हैं। ये लोग विदेशों में जाकर मदद मांग रहे हैं। इनको नींद नहीं आती है। इनके पेट में चूहे दौड़ रहे हैं। लेकिन ऐसे लोगों को अनुच्छेद 370 और 35ए से इतना ही मोह है तो मैं आज उनसे आह्वान करता हूं, तो हिम्मत के साथ हरियाणा के लोगों के बीच में जाओ और बताओ कि आप चुनाव जीते तो 370 वापस लाएंगे।
  • उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी में है ताकत 370 को वापस लाने की तो अपने चुनावी घोषणापत्र में लिखे कि जीतने पर वह इसे वापस लाएंगे।
  • आज भारत बंटा हुआ नहीं एक है। हरियाणा का विकास मेरी प्राथमिकता है।
  • मैं दलितों को गुमराह करने वालों से पूछना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर की धरती पर जो वाल्मिकि भाई का बेटा चाहे कितना भी पढ़-लिख जाए, उसे उसका हक नहीं दिया जाता था।
  • वहां की सरकार ने वाल्मिकि समाज के लोगों को झाड़ू लगाने, सफाई करने के अलावा कोई काम नहीं दिया।
  • 370 को हटाकर एक झटके में मैंने चार पीढ़ियों के दर्द को खत्म कर दिया।
  • कांग्रेस और उनके जैसी पार्टियां जो घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं उन्हें शर्म आनी चाहिए।
  • इन लोगों ने पूरा जोर लगा दिया था कि राफेल विमान से समझौता रद्द हो जाए, नया लड़ाकू विमान न आ पाए, लेकिन इन लोगों की तमाम कोशिशों के बावजूद नया विमान आ चुका है।
  • ये लोग कितना भी विरोध करें लेकिन भाजपा देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
  • देश का एक भी बेटा बारूद और हथियार के बिना शहीद हो जाए ये मोदी को मंजूर नहीं है।
  • समंदर में नई ताकतों से लेकर अंतरिक्ष में मिसाइलों तक देश आगे बढ़ रहा है।
  • देश के वीर सपूतों को भाजपा ने खुली छूट दे दी है जो पहले की सरकारों ने बांध रखे थे।
  • याद कीजिए बालाकोट को कैसे हमारी सेना ने दुश्मनों के घर में घुसकर उसे मारा।
  • ये लोग वन रैंक वन पेंशन के नाम पर झूठ बोलते रहे।
  • हमारी सरकार आने के बाद हरियाणा में 900 करोड़ का एरियर दिया जा चुका है।
  • तीन तलाक पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले लोग सोचते थे कि अगर मेरी बहन-बेटी तीन तलाक के बाद घर वापस आ गई तो उसका क्या होगा। कांग्रेस मुसलमान की बात सोचकर चुप रहती थी लेकिन अब मुसलमान पुरुष ही खुश हैं कि उनकी बेटी-बहन सब सुरक्षित है, तीन तलाक कानून बनने से।
  • अब सिर्फ विरोध और प्रतिरोध की राजनीति नहीं चलेगी। देश अब सिर्फ विकास चाहता है। भाजपा के लिए उसका संकल्प पत्र समर्पण का दस्तावेज होता है।
  • शहीदों के बच्चों के स्कॉलरशिप को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। पुलिस और केंद्रीय बलों के बच्चों को भी इसमें लाया गया।
  • किसानों को मजबूत करने के लिए भी अनेक कदम उठाए गए।
  • लोकसभा चुनाव के दौरान हमने आपसे कहा था कि हरियाणा की सरकार बने तो हर महीना छोटे व्यापारियों को पेंशन दी जाएगी। अब मैं कह सकता हूं कि इतने कम समय में ये सारे संकल्प सिद्ध हो गए हैं।
  • हमारे श्रमिक वर्ग के लिए भी पहली बार हमारा जोर है। 60 वर्ष की आयु के बाद 3,000 की मासिक पेंशन इसी का उदाहरण है।
  • आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना व अन्य सभी योजनाएं भी श्रमिक वर्ग के लिए लाभकारी है।
  • हरियाणा 9 लाख शौचालय बनाए गए हैं और हरियाणा का हर गांव खुले में शौच से मुक्त हैं।
  • 2022 तक हर हिंदुस्तानी के पास अपना घर हो इसका भी हमारा संकल्प है।
  • बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना जिस तरह हरियाणा में लागू हुई वह उदाहरण योग्य है।
  • यहां की सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
  • हरियाणा में सरकारी भर्ती का पहले मतलब होता था युवाओं से नोट लेना। कई नेता इस चक्कर में जेल भी गए लेकिन अब यह स्थिति बदल गई है।
  • 5 साल पहले यहां फर्जी और पर्ची की कहानी हर घर की थी। लेकिन अब यह स्थिति बदल गई है। अब यहां के युवाओंं को सरकारी नौकरी के लिए किसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।
  • ईमानदारी से हो रहा है हरियाणा का विकास।
  • यहां पर यातायात के साधनों का विकास भी हुआ है। चाहे एक्सप्रेसवे हो या रेलवे लाइन हर तरह की योजनाएं चल रही हैं।
  • 21 अक्तूबर को आपको सुनिश्चित करना होगा कि हरियाणा का विकास डबल इंजन के ताकत से हो। एक इंजन दिल्ली में मोदी सरकार का और दूसरा हरियाणा में मनोहर सरकार यानी डबल इंजन से हरियाणा को आगे बढ़ाना है।
व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे