PM मोदी की 45 NDA सांसदों से ब्रेकफास्ट मीटिंग, बोले- ‘सत्ता का प्रभावी इस्तेमाल कर क्षेत्र का विकास कराएं’
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को NDA के सहयोगी दलों के करीब 45 सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसदों से अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और केंद्र की योजनाओं का प्रभावी तरीके से लाभ पहुंचाने का मंत्र दिया।
बैठक में शिवसेना के 7, NCPI के 20, अजित पवार गुट की NCP के 2 सांसदों के अलावा उपेंद्र कुशवाहा समेत करीब 45 सांसद शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से कहा कि पूरा NDA एक परिवार है और सभी सांसदों को मिलकर अपने क्षेत्रों के विकास के लिए काम करना चाहिए।
‘विकास कार्यों के लिए PMO से सीधे संपर्क करें’
प्रधानमंत्री ने सांसदों को सलाह दी कि उनके क्षेत्र में विकास से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण काम हो तो वे सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद अपने संसदीय क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने सभी सांसदों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने सांसदों से उनके क्षेत्रों की स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी ली।
सांसद ओमराजे निंबाळकर से योग को लेकर की बात
प्रधानमंत्री ने धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबाळकर से उनके योगाभ्यास के बारे में भी जानकारी ली। पीएम मोदी ने सांसदों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि शरीर और सेहत अच्छी रहेगी, तभी वे बेहतर तरीके से देश और जनता की सेवा कर सकेंगे।
गरीब, मजदूर और किसानों से मिलने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने NDA सांसदों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गरीबों, मजदूरों और किसानों से नियमित रूप से मिलें। उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
उन्होंने सांसदों को क्षेत्र की जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
