पीएम मोदी का पाक और चीन पर निशाना, कहा- आतंकवाद और युद्ध ने छीन लीं लाखों जिंदगियां

पीएम मोदी का पाक और चीन पर निशाना, कहा- आतंकवाद और युद्ध ने छीन लीं लाखों जिंदगियां

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र को ऑनलाइन संबोधित करते हुए पाकिस्‍तान और चीन पर करारा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने पाकिस्‍तान और चीन का बिना नाम लिए कहा‍ कि आतंकवाद और युद्ध ने लाखों जिंदगियां छीन ली। लाखों मासूम बच्चे जिन्हें दुनिया पर छा जाना था वो असमय ही दुनिया छोड़कर चले गए। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने संयुक्‍त राष्‍ट्र में सुधार की जोरदार वकालत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्थाओं और स्वरूप में बदलाव आज की जरूरत है। उन्‍होंने दुनिया को भरोसा दिलाया कि भारत शांति का पक्षधर है और आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बात सही है कि कहने को तो तीसरा विश्व युद्ध नहीं हुआ लेकिन इस बात को नकार नहीं सकते कि अनेकों युद्ध हुए, अनेकों गृहयुद्ध भी हुए। कितने ही आतंकी हमलों ने खून की नदियां बहती रहीं। इन युद्धों में, इन हमलों में, जो मारे गए, वो हमारी-आपकी तरह इंसान ही थे।  पीएम मोदी ने कहा… वो लाखों मासूम बच्चे जिन्हें दुनिया पर छा जाना था, वो दुनिया छोड़कर चले गए। कितने ही लोगों को अपने जीवन भर की पूंजी गंवानी पड़ी, अपने सपनों का घर छोड़ना पड़ा। उस समय और आज भी, संयुक्त राष्ट्र के प्रयास क्या पर्याप्त थे?

पीएम मोदी ने कहा कि हम पूरे विश्व को एक परिवार मानते हैं। यह हमारी संस्कृति, संस्कार और सोच का हिस्सा है। संयुक्त राष्ट्र में भी भारत ने हमेशा विश्व कल्याण को ही प्राथमिकता दी है। भारत जब किसी से दोस्ती का हाथ बढ़ाता है, तो वो किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं होती। भारत जब विकास की साझेदारी मजबूत करता है, तो उसके पीछे किसी साथी देश को मजबूर करने की सोच नहीं होती। हम अपनी विकास यात्रा से मिले अनुभव साझा करने में कभी पीछे नहीं रहते। महामारी के इस मुश्किल समय में भी भारत के दवा उद्योग ने 150 से अधिक देशों को जरूरी दवाइयां भेजीं हैं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे