यूपी-राइज 2026 में विद्यार्थियों ने पेश किए नवाचार और स्टार्टअप आइडिया

यूपी-राइज 2026 में विद्यार्थियों ने पेश किए नवाचार और स्टार्टअप आइडिया
सहारनपुर में विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करतीं कुलपति।

करीब 12 युवा नवाचारकर्ताओं ने विशेषज्ञों के सामने रखे प्रोटोटाइप और नए विचार, सुभावरी बनीं विजेता

सहारनपुर। माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के यूपी-राइज 2026 (युवा शक्ति थिंक टैंक) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और युवा नवाचारकर्ताओं ने अपने नए विचारों, प्रोटोटाइप और स्टार्टअप अवधारणाओं का प्रस्तुतीकरण कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई. ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को नवाचार और अनुसंधान के साथ-साथ अपने कौशल को विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए गए टैबलेट और स्मार्टफोन का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए।

कुलपति ने कहा कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध हों तो वे अपनी प्रतिभा और नए विचारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समस्याओं के समाधान पर आधारित नए विचारों को विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने का आह्वान किया।

युवाओं ने विशेषज्ञों के सामने रखे स्टार्टअप मॉडल

कार्यक्रम के दौरान करीब 12 युवा नवाचारकर्ताओं ने अपने नवीन विचार, प्रोटोटाइप और स्टार्टअप मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों और संबंधित हितधारकों के समक्ष अपने आइडिया रखने तथा उनके बारे में सुझाव प्राप्त करने का अवसर मिला। इस दौरान युवाओं ने अपने-अपने नवाचारों की उपयोगिता, संभावनाओं और भविष्य में उनके विस्तार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार ने युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्र निर्माण को भी मजबूती मिलेगी।

सुभावरी बनीं विजेता

प्रतियोगिता में सुभावरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें विजेता के रूप में 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं आशीष कुमार रनरअप रहे। विजेता और प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में सामग्री निर्माता आदित्य गौतम अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सलोनी कर्ण ने किया, जबकि शोरनर की भूमिका शाश्वत खन्ना ने निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सैयद, उज्जवल सिंह, आशी भारद्वाज और पंकज सिंह का विशेष योगदान रहा।