गागलहेड़ी पुलिस ने खोली चोरी की घटनाओं की परत
चार शातिर चोर गिरफ्तार, एक कुंतल से अधिक एल्युमिनियम तार और तांबे का तार बरामद
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने सरकारी विद्युत लाइनों और ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण व तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर एक कुंतल से अधिक एल्युमिनियम का तार, पांच किलोग्राम तांबे का तार समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने पत्रकारों को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गागलहेड़ी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर चोरी की घटनाओं की जांच आगे बढ़ाई। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अभिनव कुमार और उपनिरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पशु पैठ के कोने पर स्थित आम के बाग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार उर्फ बुद्ध पुत्र रकम सिंह निवासी ग्राम सम्भलहेड़ी थाना गागलहेड़ी, मनोज उर्फ मोनू पुत्र मुन्नाराम, विजय कुमार पुत्र कुलदीप सिंह और इरशाद उर्फ शेरू पुत्र नकली निवासी बढ़ेड़ी घोघू थाना फतेहपुर के रूप में हुई है।
चोरी का सामान और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर एक कुंतल से अधिक एल्युमिनियम का तार, करीब पांच किलोग्राम तांबे का तार, तार काटने वाला कटर, खंभे पर चढ़ने वाली बेल्ट और लोहे का सम्बल बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं से संबंधित है।
दिन में करते थे रेकी, रात में वारदात
एसपी सिटी व्योम बिंदल के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन के समय खेतों और विद्युत लाइनों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में खंभों पर बेल्ट के सहारे चढ़कर बिजली के तार काटते थे। इसके अलावा ट्यूबवेलों से तांबे के तार भी चोरी किए जाते थे। चोरी किए गए तारों को बाद में बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं से मिले माल को बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अमित कुमार उर्फ बुद्ध के खिलाफ नौ, जबकि मनोज उर्फ मोनू, विजय कुमार और इरशाद उर्फ शेरू के खिलाफ चार-चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
