किसानों को बड़ी राहत, ऋण की ब्याज दर 12 से घटकर 6 प्रतिशत

किसानों को बड़ी राहत, ऋण की ब्याज दर 12 से घटकर 6 प्रतिशत
सहारनपुर में गुर्जर भवन में आयोजित कार्यक्रम में पात्र को चेक प्रदान करते जनप्रतिनिधि।

गुर्जर भवन में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी का वर्चुअल शुभारंभ, युवा उद्यमियों को बांटे चेक

सहारनपुर। किसानों को राहत देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने सहकारी ग्राम विकास बैंक से मिलने वाले ऋण की ब्याज दर में बड़ी कमी की है। अब किसानों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज दर 12 प्रतिशत के बजाय 6 प्रतिशत होगी। ब्याज दर में इस कमी से किसानों पर पड़ने वाला ब्याज का बोझ कम होगा और उन्हें अपेक्षाकृत कम लागत पर ऋण सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

दिल्ली रोड स्थित गुर्जर भवन में बुधवार को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय सहारनपुर मंडल के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी के वर्चुअल शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में सदर विधायक राजीव गुम्बर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, गंगोह विधायक किरत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा तथा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के चेयरमैन राजपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

युवा उद्यमियों को बांटे सहायता के चेक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चयनित लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए। अतिथियों ने लाभार्थियों को चेक प्रदान करते हुए उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने योजना के अंतर्गत मिलने वाली वित्तीय सहायता, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी।

भारत टैक्सी के शुभारंभ का देखा सीधा प्रसारण

समारोह में भारत टैक्सी के वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ कार्यक्रम देखा। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं और सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से किसानों एवं युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े मुकेश राणा, देवी सिंह, ठाकुर वीरेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मनवीर सिंह पुंडीर और डीसीडीएफ चेयरमैन सोनदर राणा ने भी सहभागिता की।

सहकारिता विभाग की ओर से डीआर अरविन्द प्रकाश और एआर रजनीश कुमार, जिला सहकारी बैंक के जीएम कुलदीप चौधरी तथा एलडीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, किसानों की ऋण सुविधा, ब्याज दर में कमी और सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply