पीएम मोदी ने गिनाईं भारत की उपलब्धियां, हरित क्षेत्र और वन्यजीवों की आबादी में हुआ रिकॉर्ड इजाफा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पिछले एक दशक में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत द्वारा हासिल की गई ऐतिहासिक सफलताओं को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की निरंतर नीतियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों के चलते देश के हरित आवरण (फॉरेस्ट कवर) का विस्तार हुआ है और कई दुर्लभ वन्यजीव प्रजातियों की आबादी में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री ने सामूहिक प्रयासों, नीतियों, विज्ञान में विश्वास और नवाचार के माध्यम से पर्यावरण में सुधार लाने के उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए नागरिकों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित सभी लोगों की मैं सराहना करता हूं।’’
मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि यह दिन हमें ‘‘अपने पर्यावरण की रक्षा करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने की याद दिलाता है’’। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में उनकी सरकार ने इस संबंध में कई पहलें की हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की कुछ प्रमुख उपलब्धियों में हरित क्षेत्र का विस्तार और कई जानवरों की आबादी में वृद्धि शामिल है।’’
विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष पांच जून को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके लिए कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के तहत 1973 में पर्यावरण दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। यह पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर जन जागरूकता फैलाने का सबसे बड़ा वैश्विक मंच है जिसे दुनिया भर में लाखों लोग मनाते हैं। 2026 में इस कार्यक्रम की मेजबानी अजरबैजान करेगा। यह आयोजन वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संबंधी कार्यों का समर्थन करने वाले सबसे व्यापक मंचों में से एक बन गया है।
