पप्पू यादव की मांग- भरत तिवारी को मिले शहीद का दर्जा, सरकार से मांगा इस्तीफा और CBI जांच
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की है कि भरत तिवारी को शहीद का दर्जा दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सरकार से इस्तीफे की मांग भी की।
पप्पू यादव ने कहा कि भरत तिवारी कोई अपराधी, शूटर या गैंग चलाने वाला व्यक्ति नहीं था, बल्कि वह आम लोगों की समस्याओं को उठाने वाला शख्स था। उन्होंने आरोप लगाया कि एनकाउंटर जैसे बड़े कदम बिना सरकार और उच्च अधिकारियों की जानकारी के नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि जब बीजेपी के मंत्री और नेता खुद एनकाउंटर की बात स्वीकार कर रहे हैं तो सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि यह जांच होनी चाहिए कि घटना के समय भोजपुर के एसपी और डीएसपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे और उन्हें किस स्तर से निर्देश मिले थे।
सांसद ने मामले की CBI जांच कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि यह एनकाउंटर था तो सरकार को इसकी पूरी सच्चाई जनता के सामने लानी चाहिए और भरत तिवारी को शहीद घोषित करना चाहिए।
