‘आज ही के दिन कोर्ट ने रगड़ा था…’, सपा सरकार की याद दिलाकर ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. इस दौरान उन्होंन अखिलेश यादव को उनकी सरकार की याद दिलाते हुए तंज कसा है. ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सपा का गढ़, आतंकवाद की जड़.
ओमप्रकाश राजभर ने ट्वीट के माध्यम से अखिलेश यादव पर तंज कसते अखिलेश यादव को सुप्रभात कहा और पूछा है कि कैसे हैं? पोस्ट में राजभर ने लिखा है कि उम्मीद ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि हमेशा की तरह आप बेखबर, मस्त और बिना काम के व्यस्त होंगे. खैर कोई बात नहीं. ऐसे ही रहिए. आज 6 जून है, सोचा आपको याद दिला दूं. आज ही के दिन 2013 में आपकी सरकार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक प्रश्न पूछकर कसके रगड़ा था. याद आया?
ओम प्रकाश राजभर ने साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने आगे लिखा कि एक खबर का स्क्रीन शॉट लगा दिया हूं. पढ़ लीजिएगा. कम से कम आपको अपने पाप याद आ जाएंगे. फिर जब आप 2027 में चुनाव हारेंगे तो EVM और SIR को दोष नहीं दे पाएंगे.
उन्होंने आगे कहा कि और हां, हमको गाली देकर संतोष पाने वाले वालों सपाई लोडरों तुम लोगों के लिए हिंदी में भी लिख दे रहा हूं. पढ़ लेना. कम से कम यह तो समझ में आ जाएगा कि जिस परिवार के लिए दरी बिछा रहे हो, उसने क्या-क्या पाप किए थे.
राजभर ने शेयर किया खबर का स्क्रीनशॉट
बता दें कि जो स्क्रीनशॉट राजभर ने शेयर किया है उसमें लिखा है कि आतंकियों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने के फैसले पर हाईकोर्ट सख्त, अखिलेश सरकार से मांगा जवाब. राजभर ने आगे लिखा कि 2007 के लखनऊ, वाराणसी और फैजाबाद बम धमाकों के आरोपियों के खिलाफ मुकदमें वापस लेने के समाजवादी पार्टी सरकार के फैसले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सवाल उठाए. अदालत ने सरकार से दो दिन में आरोपियों की सूची मांगी. इन धमाकों में 16 लोगों की मौत और 60 से अधिक लोग घायल हुए थे.
