अमेरिका के दस सबसे ज्यादा वांछित अपराधियों में एक भारतीय, पत्नी की हत्या का आरोप

अमेरिका के दस सबसे ज्यादा वांछित अपराधियों में एक भारतीय, पत्नी की हत्या का आरोप

न्यूयॉर्क । अमेरिका में एक भारतीय का एफबीआइ की दस सबसे ज्यादा वांछितों की सूची में नाम है। इस युवक ने पांच साल पहले एक कॉफी शॉप में अपनी पत्नी की नृशंस हत्या की थी। हत्यारे पर एक लाख डालर (करीब 75 लाख रुपये) का इनाम घोषित है। 2015 में भारत से वीजा पर आए भद्रेश कुमार चेतन भाई पटेल ने मैरीलैंड प्रांत के हेनोवर की एक कॉफी शॉप मे अपनी 21 साल की पत्नी पलक को किचन में इस्तेमाल होने वाले चाकू से गोदकर मार डाला।

दो साल तक गिरफ्तारी न होने पर उस पर 2017 में इनाम घोषित किया गया। फिर भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आखिरी बार उसे न्यू जर्सी में देखा गया। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन (एफबीआइ) ने उस पर एक लाख डालर का इनाम घोषित किया है। एफबीआइ ने दस सबसे ज्यादा वांछित अपराधियों की सूची में उसका नाम रखा है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी दोनों का वीजा घटना के एक माह पहले ही समाप्त हो गया था। पत्नी वापस भारत लौटने की जिद कर रही थी। उसी के बाद भद्रेश ने उसकी हत्या कर दी।

पटेल 2017 में भी अमेरिका में ही था

पटेल और उसकी पत्नी पलक डंकिन डोनट्स कॉफी शॉप पर काम करते थे। उसने यहीं पर अपनी पत्नी की हत्या की थी। उस वक्त पेटल की उम्र 24 और पलक की उम्र 21 साल थी। समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार डब्ल्यूटीओपी ने बताया कि जांच कर रहे अधिकारियों को लगता है कि पटेल 2017 में भी अमेरिका में ही था, जब एफबीआइ ने उसे वांछितों की सूची में रखा था। अधिकारियों का यह भी मानना है कि कोई जानबूझकर पटेल की मदद कर रहा था या उसके कृत्य के बारे में उसे जानकारी नहीं थी और वह उसकी मदद कर रहा था। एफबीआइ के नोटिस में कहा गया है कि आरोपित को और बेहद खतरनाक माना जाना चाहिए।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे