एक शाम गणपति बप्पा के नाम, भजन संध्या में गूंजे भक्ति के स्वर

एक शाम गणपति बप्पा के नाम, भजन संध्या में गूंजे भक्ति के स्वर
सहारनपुर में भजन संध्या में भजनों पर झूमते श्रद्धालु।

सहारनपुर। विशाल विहार कॉलोनी स्थित समाजसेवी एवं प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह त्यागी के निवास पर ‘एक शाम गणपति बप्पा के नाम’ कार्यक्रम के तहत शाश्वत्तम सरगम के साथ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर तक चले कार्यक्रम में पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति के स्वरों से गूंजता रहा।

भजन संध्या का शुभारंभ प्रवेश चौधरी ने मधुर भजन की प्रस्तुति के साथ किया। इसके बाद कार्यक्रम संयोजक डॉ. राजीव सिंह त्यागी ने भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

रवि बख्शी ने ‘थोड़ा ध्यान लगा बाबा, दौड़े-दौड़े आएंगे’ भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं डॉ. गोपाल कुश ने ‘कान्हा मैं तेरी पतंग’ भजन की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को आनंदित किया। शिक्षक पंकज पाठक ने भी अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होकर झूमने लगे।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के भजनों का आनंद लेने के साथ जयकारे लगाए और भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। भजन संध्या के समापन पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply