लोकसभा की कार्यवाही से हटाया गया निशिकांत दुबे का बयान, शिवसेना-UBT बोली- माफी मांगें BJP MP
लोकसभा में विपक्ष और सत्तापक्ष के सदस्यों के बीच उस समय तीखी नोंकझोक देखने को मिली जब भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने एक अभिनेता की कथित आत्महत्या से जुड़े चर्चित मामले का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए शिवेसना (UBT) के एक प्रमुख युवा नेता के नाम का उल्लेख किया. शिवसेना (UBT) ने कहा कि दुबे को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए.
दरअसल, शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए बलात्कार के मामलों का उल्लेख करते हुए भाजपा से जुड़े दो नेताओं के नामों का उल्लेख किया.
निशिकांत दुबे ने प्रमुख नेता के नाम का उल्लेख किया
इस पर दुबे ने एक अभिनेता की कथित आत्महत्या से जुड़े मामले का हवाला देते हुए शिवसेना (UBT) के एक प्रमुख नेता के नाम का उल्लेख किया.
इसे लेकर सावंत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की नेता सुप्रिया सुले और कांग्रेस के सदस्यों ने विरोध दर्ज कराया. सावंत ने कहा कि भाजपा सांसद दुबे को माफी मांगनी चाहिए. पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने दुबे और सावंत की टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया.
