UP में स्मार्ट मीटर से परेशान बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर, माइनस बैलेंस के बाद भी 30 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन

UP में स्मार्ट मीटर से परेशान बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर, माइनस बैलेंस के बाद भी 30 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन

लखनऊ। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्री पेड मीटर के कारण हो रही परेशानी से बड़ी राहत दी है। मंत्री ने कम लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि एक किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का यदि बैलेंस नेगेटिव भी हो जाए, तब भी 30 दिनों तक उनका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लागू की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी एक माह का पूरा चक्र पूर्ण होने से पहले किसी भी स्थिति में कनेक्शन विच्छेद नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही साथ पारदर्शिता और उपभोक्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से पांच अलर्ट एसएमएस भेजे जाएंगे, जिससे उन्हें समय रहते भुगतान का अवसर मिल सके।
उन्होंने इसी क्रम में दो किलोवाट के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भी राहत प्रदान की गई है। ऐसे उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन ₹200 तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा। इनके लिए भी पांच चरणों में एसएमएस सूचना प्रणाली लागू की गई है, जिससे किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

मंत्री का अधिकारियों को निर्देश

  • सबसे कम भार वाले (एक किलोवाट) घरेलू उपभोक्ता अब 30 दिन पर अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज कर सकते हैं। इस दरम्यान स्मार्ट /प्रीपेड मीटर पर उनकी बिजली नहीं कटेगी।
  • एक किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का प्री-पेड मीटर अब सामान्य/पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही कार्य करेगा। जैसे आप पहले मासिक बिल भरते थे वैसे ही 30 दिन पर या उससे पहले अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज कराते रहें।
  • दो किलोवाट भार तक के घरेलू उपभोक्ता को पूर्व की व्यवस्थानुसार उनका बैलेंस शून्य होने पर भी अगले 3 दिन अथवा रुपये 200 तक के निगेटिव बैलेंस होने तक बिजली नही काटी जाएगी।
  • यह भी पुनः निर्देशित किया है कि किसी भी स्थिति में रविवार या त्योहार/सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजलीl नही काटी जाएगी।
  • यह भी कहा है कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस कम होने पर पांच बार एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को सतर्क किया जाय।
  • निरंतर सुनिश्चित किया जा रहा है कि बिल का भुगतान /रिचार्ज करने के बाद तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल हो। इसके लिए 24×7 टीम लगाकर रात-दिन की तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।
  • हाल पुराने मीटरों को स्मार्ट-प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य स्थगित किया गया है।फिर भी हाल के स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान हमारी प्राथमिकता है।

विद्युत अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंत्री एके शर्मा ने सभी जिलों के अधिकारियों को विद्युत अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं। अब तक लगभग 30 लाख नए विद्युत खंभे स्थापित किए गए हैं तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता में भी व्यापक वृद्धि की गई है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में प्रदेश की जनता को बिजली की दृष्टि से किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार पूरी तरह से सजग है और निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply