पाइनवुड स्कूल में एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण

पाइनवुड स्कूल में एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
सहारनपुर में पाइनवुड स्कूल में आपदा प्रबंधन की जानकारी देते एनडीआरएफ के विशेषज्ञ।

सहारनपुर। पाइनवुड स्कूल में सोमवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। उप निरीक्षक बनवारीलाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना था।

दिल्ली रोड स्थित विद्यालय में एनडीआरएफ के तत्तवाधान आयोजित प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को रक्तस्राव रोकने की तकनीक, सीपीआर, श्वासनली अवरोध (एफबीएओ) की स्थिति से निपटने के उपाय, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी की प्रक्रिया, बाढ़ के समय उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी उपकरण तैयार करने की विधि तथा सर्पदंश, आकाशीय बिजली, आंधी-तूफान, डूबने सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ टीम ने सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न आपदाओं से बचाव एवं राहत संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती संतोष गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन एवं श्रीमती करूणा झा ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण छात्रों में आपदा के समय सही निर्णय लेने और दूसरों की सहायता करने का आत्मविश्वास विकसित करते हैं।