नकुड़ पुलिस ने 52 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा
नकुड़, 10 सितंबर। इंद्रेश। कोतवाली नकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 लाख रुपये है।
प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तपन जंयत, अजीत सिंह, अजय राठी और विनीत तोमर शामिल रहे। टीम गंगोह रोड से चिढ़ाव की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान घाटमपुर निवासी अमजद पुत्र राशिद के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ नकुड़, करनाल और कुरुक्षेत्र थानों में पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित करीब नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
