मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड: मृतकों की संख्या बढ़कर 5, सरकार देगी 4-4 लाख रुपये की सहायता

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड: मृतकों की संख्या बढ़कर 5, सरकार देगी 4-4 लाख रुपये की सहायता

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।

हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग देर रात अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया।

एक मरीज के भाई ने बताया कि वह रात करीब तीन बजे अस्पताल के गेट के पास सो रहा था, तभी उसने आईसीयू की ओर से धुआं निकलते देखा। उसके अनुसार उस समय अस्पताल में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था और सुरक्षा कर्मी भी मौके से गायब थे।

उन्होंने बताया, “जब आईसीयू का दरवाजा खोला गया तो अंदर धुएं का घना गुबार था। नाक और मुंह ढककर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन सांस लेना मुश्किल हो रहा था। मेरा भाई भी वहीं भर्ती था, जिसे बाद में निकालकर दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य शुरू किया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply