मुजफ्फरनगर की महिला नोएडा में मिली कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप, परिवार के सदस्यों की होगी जांच

मुजफ्फरनगर की महिला नोएडा में मिली कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप, परिवार के सदस्यों की होगी जांच

मुजफ्फरनगर जनपद के एक कस्बा निवासी महिला की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। महिला का नोएडा के प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है, वहीं पर प्राइवेट लैब से कोरोना की जांच कराई। नोएडा प्रशासन ने इसकी जानकारी मुजफ्फरनगर के अधिकारियों को दी है। यह जिले का पहला कोरोना पॉजिटिव मामला है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।

महिला के पेट में रसौली थी। उसका उपचार नोएडा में चल रहा है। गत 30 मार्च को वह नोएडा में डॉक्टर के पास गई। इसके बाद ऑपरेशन कराने के लिए दो अप्रैल को नोएडा गई। वहां डॉक्टरों ने उसे ऑपरेशन के लिए छह अप्रैल की तारीख दी थी। ऑपरेशन के बाद से वहीं पर भर्ती है। इस दौरान प्राइवेट लैब से कराई गई जांच में बुधवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिसकी जानकारी से हड़कंप मच गया। महिला के साथ गए उसके बेेटे को भी वहीं पर रोक लिया है। जिसे क्वारंटीन किया गया है।

सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि नोएडा प्रशासन की ओर से महिला की जांच रिपोर्ट भेजी गई है, जो पॉजिटिव मिली है। यह प्राइवेट लैब की रिपोर्ट है। उसके बेटे को भी वहां पर रोक लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के परिवार का स्वास्थ्य परीक्षण कराएगी। साथ ही कांटेक्टर ट्रेसिंग भी की जा रही है।

उधर, एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि यहां कस्बे में महिला का पति, बेटी और पुत्रवधू है। जिन्होंने लिख कर दिया है कि उनका उपचार कराया जाए। पुलिस ने घेराबंदी करके कस्बे की जिस पट्टी में वह रहती है, उसे सील कर दिया है। कस्बे को सैनिटाइज कराया जा रहा है।