किसान का सिर फोड़ने वालों पर कार्रवाई न होने से नाराज जाट समाज ने कोतवाली का किया घेराव, धरने पर बैठे

किसान का सिर फोड़ने वालों पर कार्रवाई न होने से नाराज जाट समाज ने कोतवाली का किया घेराव, धरने पर बैठे
नकुड़ कोतवाली परिसर में धरने पर बैठे जाट समाज के लोग।

नकुड़, 14 नवंबर (इंद्रेश)। गन्ना क्रय केंद्र पर बुग्गी से गन्ना लेकर जा रहे किसान के साथ मारपीट कर उसका सिर फोड़ने के मामले में एक सप्ताह बीतने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से जाट समाज में रोष फैल गया। शनिवार को नाराज जाट समाज के लोगों ने नकुड़ कोतवाली का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

शनिवार सुबह क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के जाट समाज के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए। प्रदर्शनकारी कोतवाली परिसर में ही कपड़ा बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुष्पेंद्र चौधरी और एडवोकेट सतीश चौधरी ने बताया कि बीती 7 नवंबर को नाहरमाजरा निवासी किसान नरेंद्र सिंह उत्तम शुगर मिल के डाल्लामाजरा गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना डालने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने हॉर्न बजाकर उससे साइड मांगी। रास्ता संकरा होने के कारण किसान उन्हें साइड नहीं दे पाया।

आरोप है कि इसी बात से नाराज युवकों ने किसान नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके सिर पर लाठी से वार कर दिया। हमले में उसका सिर फट गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर में आए घाव पर पांच टांके लगाने पड़े। पीड़ित किसान ने घटना की लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस को दी थी।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने के बजाय केवल शांति भंग करने के आरोप में उनका चालान कर दिया। इससे आरोपियों को बचाने और पीड़ित किसान को न्याय न दिलाने के आरोप लगाते हुए उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से नरेंद्र सिंह के सिर पर लाठी से हमला किया था। ऐसे में उनके खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मामले में अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

इस मौके पर स्वराज सिंह शुक्रताल, विपिन चौधरी नठोड़ी, जिला पंचायत सदस्य नीरज चौधरी, भूपेश प्रधान नठोड़ी, अरविंद प्रधान रानीपुर, एडवोकेट सतीश चौधरी, ओम सिंह रानीपुर, संजीव चौधरी रानीपुर, नवीन चौधरी रोशनपुर, अरविंद चौधरी बांधी, करण सिंह शुक्रताल और नरेंद्र चौधरी कांसेपुर सहित बड़ी संख्या में जाट समाज के लोग मौजूद रहे।