माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल, कंपनी ने बताया दुनिया भर में हुए मेगा आउटेज का कारण, ग्राहकों से मांगी माफी

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल, कंपनी ने बताया दुनिया भर में हुए मेगा आउटेज का कारण, ग्राहकों से मांगी माफी

नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी के बाद अब कंपनी ने अपनी सेवाएं बहाल कर दी हैं। इस बड़े आउटेज के कारण दुनियाभर में लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट 365, टीम्स और शेयरपॉइंट जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। कंपनी ने इस व्यवधान के लिए ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी है।

माइक्रोसॉफ्ट ने शनिवार को बताया कि उसकी सेवाएं अब सामान्य रूप से काम कर रही हैं। कंपनी के मुताबिक, यह समस्या किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी गतिविधि के कारण नहीं हुई थी, बल्कि इसके पीछे नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी थी।

नेटवर्क अपग्रेड के दौरान आई थी तकनीकी खराबी

कंपनी ने खुलासा किया कि कुछ समय पहले नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए अपग्रेड किया गया था। इसी प्रक्रिया में एक तकनीकी खामी आ गई थी, जो हालिया नेटवर्क बदलाव के बाद सक्रिय हो गई। इसके चलते सर्वर और नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और धीरे-धीरे कई सेवाएं प्रभावित होने लगीं।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि उसने समस्या की मूल वजह को ठीक कर लिया है। हालांकि, दुनियाभर में सेवाओं की भारी मांग को देखते हुए इन्हें एक साथ शुरू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया, ताकि प्रत्येक चरण में उनकी स्थिरता की जांच की जा सके।

‘हमें इस व्यवधान के लिए गहरा खेद है’

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा, “इस घटना से हमारे ग्राहकों और साझेदारों को हुई परेशानी के लिए हमें गहरा खेद है। हम समझते हैं कि वे हमारी सेवाओं पर भरोसा करते हैं और इस जिम्मेदारी को बेहद गंभीरता से लेते हैं।”

कंपनी ने यह भी बताया कि आउटेज के दौरान प्रभावित सेवाओं को बहाल करने में सर्वर संबंधी समस्याओं और नेटवर्क पर अचानक बढ़े दबाव के कारण चुनौतियां आईं।

भारत में एयरलाइंस और कंपनियों का काम भी हुआ प्रभावित

इस वैश्विक आउटेज का असर भारत में भी देखने को मिला। इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी विमानन कंपनियों की ईमेल आधारित ग्राहक सहायता सेवाएं प्रभावित हुईं। इसके चलते कुछ यात्रियों के ईमेल और सवालों का जवाब देने में परेशानी आई। हालांकि, विमान परिचालन प्रभावित होने की सूचना नहीं थी।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि वह पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद एक रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिसमें आउटेज की वजह, घटनाक्रम और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply