‘योगी का आदर करता हूं लेकिन 1.27 करोड़…’ हिन्दू वोट कटने के दावों पर कपिल सिब्बल का सीएम से सवाल
राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिन्दू मतदाताओं के वोट कटने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर सवाल किया है. सिब्बल ने पूछा है कि आखिर ये डेटा कहां से आया?
सिब्बल ने कहा कि अब योगी कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ लोगों के नाम कटे हैं. मैं उनका आदर करता हूं, लेकिन आपको यह आंकड़ा कैसे मालूम हुआ? आपको मालूम होगा कि किन लोगों के नाम कटे हैं. लेकिन ऐसा न हो कि नाम कटे ही न हों और Form 8 के जरिए उन्हें दूसरी जगह जोड़ दिया गया हो. ऐसा तो नहीं कि 1.27 करोड़ ऐसे लोगों के नाम जोड़ दिए जाएं?
केशव प्रसाद मौर्य के दावों पर भी सिब्बल
वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान पर कि सब कुछ सही तरीके से चल रहा है, सिब्बल ने तंज कसते हुए कहा कि न मौर्य को इसकी जानकारी है, न योगी आदित्यनाथ को और न ही देश की जनता को, सिर्फ केंद्र सरकार को सब मालूम है.
कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में हुई धांधली की जांच अब की जा रही है और इसमें बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) भी शामिल हैं. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे गृह मंत्री (अमित शाह) इसीलिए कहते हैं कि 2047 तक राज करेंगे, क्योंकि उन्होंने इसके तरीके खोज लिए हैं.
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए और कहा कि आयोग इस मामले का संज्ञान नहीं ले रहा है और न ही जवाब देने को तैयार है. सिब्बल ने सवाल किया कि जब एक छोटे से जिले में हजारों नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, तो पूरे देश में कितने नाम हटाए गए होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव आयोग ने ऐसे अपराध किए हैं, जिन्हें माफ नहीं किया जा सकता. यह लोकतंत्र के साथ धोखा है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर हटाए गए नामों को वापस ही जोड़ना है, तो पहले उन्हें हटाया ही क्यों गया?
