यूपी में 209 BJP उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजने की खबरों पर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- परेशान होकर लखनऊ के चक्कर न लगाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बीजेपी के 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजे जाने की खबरों पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विराम लगा दिया है। उन्होंने इन खबरों को गलत बताते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की ऐसी कोई सूची दिल्ली नहीं भेजी गई है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को लखनऊ में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार होने और दिल्ली भेजे जाने के दावों को खारिज किया।
केशव मौर्य बोले- लखनऊ के चक्कर न लगाएं
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “कोई 209 प्रत्याशियों की लिस्ट दिल्ली नहीं भेजी गई है। आप लोग परेशान होकर लखनऊ के चक्कर मत लगाइए।”
उन्होंने साफ किया कि उम्मीदवारों की सूची को लेकर चल रही चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। जिस समय केशव मौर्य यह बयान दे रहे थे, उस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मंच पर मौजूद थे।
क्या था 209 उम्मीदवारों की सूची का दावा?
पिछले कुछ दिनों से मीडिया में ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है।
दावों के मुताबिक, यह सूची टीम योगी से मिले फीडबैक, आंतरिक सर्वे और पार्टी स्तर पर हुए मंथन के आधार पर तैयार की गई थी। यह भी कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री ने सूची में शामिल संभावित उम्मीदवारों की जीत को लेकर भरोसा जताया है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं में बढ़ गई थीं चर्चाएं
209 उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजे जाने की खबरों के बाद बीजेपी के भीतर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। कई कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित टिकट के दावेदारों को लेकर कयास लगा रहे थे। वहीं, मौजूदा विधायकों के टिकट कटने और नए चेहरों को मौका मिलने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं।
हालांकि, केशव प्रसाद मौर्य के ताजा बयान के बाद उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेजे जाने के दावों पर फिलहाल विराम लग गया है।
