‘मेरे भाई अजित पवार नहीं रहे तो अब मर्जर…’, NCP के विलय पर सुप्रिया सुले ने लगाया फुलस्टॉप, दिया बड़ा बयान

‘मेरे भाई अजित पवार नहीं रहे तो अब मर्जर…’, NCP के विलय पर सुप्रिया सुले ने लगाया फुलस्टॉप, दिया बड़ा बयान

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर सांसद सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने भाई और दिवंगत नेता अजित पवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नहीं रहने के बाद अब पार्टी के विलय की चर्चा का कोई मतलब नहीं रह गया है। उनके इस बयान को NCP के दोनों गुटों के एक होने की संभावनाओं पर बड़ा संकेत माना जा रहा है।

अजित पवार के निधन के बाद विलय की चर्चा खत्म

सुप्रिया सुले ने कहा कि जब तक अजित पवार जीवित थे, तब तक दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। इस संबंध में कई वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा हुई थी और 17 जनवरी को बारामती स्थित गोविंदबाग में हुई बैठक का वीडियो भी सार्वजनिक हो चुका है।

उन्होंने कहा, “जिस दिन मेरे भाई का निधन हुआ, उसी दिन विलय के विचार पर मेरे मन में और हमारी पार्टी के भीतर पूर्ण विराम लग गया। जो कुछ भी तय हुआ था, वह मेरे भाई के साथ तय हुआ था। अब जब वह हमारे बीच नहीं हैं तो इस पर चर्चा का क्या मतलब है।”

विलय के लिए कोई प्रस्ताव नहीं मिला

सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि अजित पवार गुट की ओर से उन्हें विलय को लेकर न तो कोई फोन आया है, न व्हाट्सएप संदेश और न ही कोई लिखित प्रस्ताव मिला है। उन्होंने कहा कि उनसे इस मुद्दे पर किसी ने संपर्क भी नहीं किया।

उन्होंने हाथ जोड़कर मीडिया से अपील की कि विलय को लेकर बार-बार सवाल न पूछे जाएं। उनके मुताबिक, वह इस विषय पर लगातार जवाब देते-देते थक चुकी हैं और अब इस पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं।

नेताओं की मुलाकातों से तेज हुई थीं विलय की अटकलें

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से NCP के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं तेज थीं। इसकी वजह अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार की शरद पवार से हुई मुलाकातें थीं। इन बैठकों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में संभावित विलय को लेकर नए कयास लगाए जाने लगे थे।

वहीं, महाराष्ट्र NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी विलय की अटकलों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। इससे पहले सुनेत्रा पवार के बयान के बाद भी इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं।

गौरतलब है कि जुलाई 2023 में अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर NCP में विभाजन कर दिया था। इसके बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई थी। अब सुप्रिया सुले के ताजा बयान से दोनों गुटों के एक होने की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है।

Leave a Reply