हज यात्रियों के इस मुद्दे पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उठाई आवाज, केंद्रीय मंत्री को लिखी चिट्ठी

हज यात्रियों के इस मुद्दे पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उठाई आवाज, केंद्रीय मंत्री को लिखी चिट्ठी
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद

मध्य पूर्व में चल रहे संकट के कारण विमानन टर्बाइन ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के चलते भारत के हज तीर्थयात्रियों पर इस वर्ष आर्थिक बोझ बढ़ गया है. इसकी वजह से हज यात्रियों के हवाई किराये में वृद्धि कर दी गई है. वहीं अब इस मामले पर नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को चिट्ठी लिखी है.

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा हज यात्रा 2026 में हवाई किराये की अचानक वृद्धि से हज यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है. उन्होंने कहा कि हज यात्रा 2026 के दौरान विमान ईंधन (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतों में वृद्धि के कारण हवाई किराये में प्रति हज यात्री 10,000 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर दी गई है. यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब हजारों हजयात्री पहले ही अपनी संपूर्ण यात्रा राशि जमा कर चुके हैं और अनेक यात्री यात्रा पर जा भी चुके हैं.

चंद्रशेखर आजाद ने अपनी चिट्ठी में कहा कि ऐसी स्थिति में यह अचानक की गई वृद्धि हजयात्रियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न कर रही है. जिन यात्रियों ने सीमित संसाधनों के साथ वर्षों की बचत के आधार पर यह पवित्र यात्रा सुनिश्चित की थी, ऐसे में यात्रा के दौरान अतिरिक्त शुल्क लगाना हजयात्रियों की भावनाओं के साथ अन्याय है.

 

नगीना सांसद ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि हवाई किराये में की गई इस अचानक वृद्धि की उच्च स्तरीय समीक्षा कराई जाए. हजयात्रियों पर डाले गए अतिरिक्त 10,000 रुपये के बोझ को वापस लिया जाए या सरकार द्वारा वहन किया जाए. भविष्य में इस प्रकार के निर्णय यात्रा शुरू होने से पूर्व ही स्पष्ट कर दिए जाएं, ताकि यात्रियों को आर्थिक असुविधा का सामना न करना पड़े. हमें आशा है कि आप इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे और हजयात्रियों को राहत प्रदान करने हेतु उचित कदम उठाएंगे.

Leave a Reply