‘दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती’, अखिलेश यादव का BJP पर तंज, डिप्टी CM पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों खासा बयानबाजी काफी तेज हो चुकी है. खासकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी में लगातार शब्द वाण जारी हैं. इसी क्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बीजेपी की आंतरिक राजनीति पर जोरदार हमला बोले है. दोनों डिप्टी सीएम पर व्यंग्य कसते हुए, उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती!’
इस संबंध में अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक एक साथ उद्यान में चलते नजर आ रहे हैं. वीडियो के साथ उन्होंने साफ लिखा कि दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती. अखिलेश यादव ने इसे स्टूल वाली राजनीति से जोड़कर भाजपा के गठबंधन या दोहरी कमान पर सवाल खड़े कर दिए.
शनिवार को भी किया पोस्ट
अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने शनिवार को भी एक पोस्ट की और भाजपा की आंतरिक कलह को और उजागर किया. उन्होंने लिखा, “यहाँ भी राजनीति, पहले अपना नाम लिखा फिर उनका. भाजपा में ये चल क्या रहा है? एक-दूसरे को पीछे धकेलने की साज़िश ही भाजपा की असली सच्चाई है, वैसे दिखावे के लिए साथ चलते हैं. कृपापात्र पोस्टिंग पर बैठे लोगों को किसी अन्य ‘जीते हुए’ के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार नहीं करना चाहिए. ये जो दिखाने को चलते हमक़दम हैं दरअसल यही एक-दूसरे का ग़म हैं अब हमें दूसरे ‘उप मुख्यमंत्री’ (DCM) या कहें ‘प्रतीक्षारत मुख्यमंत्री’ (WCM) की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है.”
बीजेपी की प्रतिक्रिया नहीं
फिलहाल अखिलेश यादव की ये दोनों पोस्ट वायरल हैं, जबकि अभी तक इन पर बीजेपी की ओर से कोई जबाब नहीं आया है. लेकिन माना जा रहा है कि इस पर राजनीति अभी और बढ़ सकती है. जबकि खुद अखिलेश यादव और सपा बीजेपी पर वार का कोई मौका नहीं छोड़ रहे. देखना ये होगा कि अब आगे क्या प्रतिक्रियाएं होंगी.
