इस्तीफा न देने पर अड़ीं ममता बनर्जी, केशव प्रसाद की दीदी को नसीहत- ‘बस एक ही रास्ता बचा है…’

इस्तीफा न देने पर अड़ीं ममता बनर्जी, केशव प्रसाद की दीदी को नसीहत- ‘बस एक ही रास्ता बचा है…’

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है. जिसके बाद से भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की ओर से कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. यूपी के डिप्टी सीएम ने भी ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने नसीहत दी और कहा कि अब उनके पास ही एक ही रास्ता बचा है.

केशव प्रसाद मौर्य ने दी नसीहत

केशव प्रसाद मौर्य ने ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए  अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और लिखा- ‘सुश्री ममता बनर्जी की विधानसभा में करारी हार उनकी व्यक्तिगत ही नहीं, बल्कि अत्याचार, सिंडिकेट, घुसपैठियों के संरक्षण, तुष्टिकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार की भी पराजय है.

जनता का संदेश साफ है कुर्सी खाली करो. उनकी पार्टी का इतिहास इतना काला है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार अब कभी नहीं बनेगी. लोकतंत्र का गला घोटकर पश्चिम बंगाल को लूटने की परत-दर-परत जांच होगी. एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा. अपनी सम्मानजनक विदाई लेना ही ममता दीदी के पास एकमात्र रास्ता है.’

ममता बनर्जी ने किया इस्तीफा देने से इनकार

बता दें कि मंगलवार को बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव के नतीजों पर प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा कि वो चुनाव हारी नहीं है बल्कि हराया गया है. उन्होंने कहा की टीएमसी की लड़ाई बीजेपी नहीं बल्कि चुनाव आयोग से थी. बीजेपी ने सौ सीटों की चोरी की है.

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर में उन्हें जाने नहीं दिया गया, यही नहीं उनके साथ मारपीट भी की गई. वो चुनाव हारी नहीं है इसलिए वो अपने पद से इस्तीफा भी नहीं देंगी. वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इसे संवैधानिक अपमान बताया है और कहा कि ममता की इस तरह की बातें बेतुकी है.

Leave a Reply