‘100 फीसदी PDA सरकार आएगी..’, ओम प्रकाश राजभर के बयान से खलबली, अखिलेश यादव भी चौंके
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो 2027 में सौ फीसदी पीडीए की सरकार बनने का दावा करते हुए दिख रहे हैं. हालांकि बाद में उन्होंने गलती सुधारते हुए एनडीए सरकार आने की बात कहीं, जिस पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुटकी ली.
अखिलेश यादव ने ओम प्रकाश राजभर के मुंह पीडीए की सरकार बनने के दावे पर चुटकी ली और कहा कि मन से तो ये भी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बननी चाहिए लेकिन, अपने लालच की वजह से नहीं बोल पा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि जो सच होता है वो अपने आप ही मुंह से निकल जाता है इसलिए राजभर के मुँह से भी पीडीए की सरकार आने की बात कही गई.
राजभर के दावे पर अखिलेश यादव ने ली चुटकी
सपा मुखिया ने राजभर के वायरल वीडियो को शेयर कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- ‘सच अपने आप निकलता है और झूठ सोचकर बोला जाता है. आपने सच कहा, सही कहा ‘पीडीए’ आ रहा है. कोहनी मारकर मुँह से निकले सच को बदलने की कोशिश न की जाए. सच तो ये है कि मन से तो ये भी पीडीए ही हैं, बस अपने लालच के मारे हैं.’
राजभर ने किया था पीडीए की सरकार का दावा
बता दें कि ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो पत्रकारों के सवालों के प्रेसवार्ता में दिख रहे हैं. इसी क्रम में एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि 2027 में किसकी सरकार बन रही है. इस पर ओम प्रकाश राजभर कहते हैं “पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी. पीडीए आ रहा है..सौ परसेंट राजा के लक्षण परिलक्षित हो रहे हैं पीडीए आ रहा है.”
राजभर ने मुँह से पीडीए की बात सुनकर पास बैठे उनकी पार्टी के ही एक नेता ने कोहनी से इशारा कर उन्हें गलती का एहसास कराया, जिसके बाद ओम प्रकाश राजभर ने अपनी बात में सुधार करते हुए एनडीए सरकार आने का दावा किया और कहा कि “पीडीए नहीं एनडी की सरकार आएगी.”
