लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी ने बनाई SIT, 7 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश; दोषी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गहन जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हादसे की वजह, किसी भी स्तर की लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। एसआईटी को सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे सीएम योगी
अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने केजीएमयू जाकर घायलों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना।
देर शाम मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग, गृह विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) समेत अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में हादसे के हर पहलू की निष्पक्ष जांच कराने और एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को प्रस्तावित अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए हैं। उन्हें हाथरस में 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करना था, जिसके बाद आगरा में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित थी।
इन पहलुओं की जांच करेगी एसआईटी
- संबंधित इमारत में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं।
- निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
- अग्नि सुरक्षा प्रबंधन और नियामक एजेंसियों की भूमिका की जांच।
- संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया का मूल्यांकन।
- आग लगने के बाद बचाव अभियान, लोगों की निकासी और राहत कार्यों की समीक्षा।
- हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना।
