एसएएम इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

एसएएम इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
सहारनपुर में विधिक साक्षरता गोष्ठी के सफल विद्यार्थी।

सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में एसएएम इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को विधिक जागरूकता, कानूनी सहायता, बाल विवाह उन्मूलन, नशा मुक्ति एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर नवीन कुमार राणा ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा माफिया कम उम्र के बच्चों को नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहना जरूरी है।

जिला चिकित्सालय के डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट मुदस्सिर अली ने कहा कि नशे की लत आसानी से लग जाती है, लेकिन इससे छुटकारा पाना बेहद मुश्किल होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

सिविल कोर्ट से अमित मेहरा, चीफ डिफेंस काउंसिल, निर्दोष कुमार, अर्पित कुमार और बसंत ने अपने विचार एवं अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और जागरूकता के संबंध में जानकारी दी। जिला चिकित्सालय से बुसरा अंसारी और कविता कुमारी ने छात्राओं को वर्तमान सामाजिक परिवेश, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को नशे समेत अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन भूगोल प्रवक्ता ब्रिजेश पुंडीर ने किया। इस अवसर पर कला प्रवक्ता नवीन गुलाटी, समाजशास्त्र प्रवक्ता अंजू गालिहान सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply