‘वे नहीं चाहते कि देश की भलाई में महिलाओं की…’, सपा-कांग्रेस पर बरसे केशव प्रसाद मौर्य
New Delhi : लोकसभा में शुक्रवार को बहुत के अभाव में महिला आरक्षण विधेयक पास नहीं हो सका है, अब इस पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के गिरने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर हमला बोला है.
महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में फेल होने पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में लोकसभा में वोट करके साफ जता दिया है कि वे लोकसभा व विधानसभाओं में महिला आरक्षण नहीं चाहते हैं.
महिला आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध बीजेपी- केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ये दल पुरुषवादी सोच की गिरफ्त में हैं और नहीं चाहते कि देश की भलाई में महिलाओं की बराबर भागीदारी हो. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इन दलों को भलीभांति समझ लेना चाहिए कि भाजपा महिला आरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और इसे लागू करके रहेगी.
नारी शक्ति का विरोध सपा-कांग्रेस को पड़ेगा महंगा- केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि इन दलों को बेहतर तरीके से यह बात समझ लेनी चाहिए कि नारी शक्ति का आक्रोश दोनों महिला विरोधी दलों को आने वाले सालों में महंगा पड़ने वाला है. उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि 2029 में कांग्रेस हाफ और 2027 में यूपी में सपा साफ हो जाएगी. मुंगेरीलाल के हसीन सपने अब सपा बहादुर के हसीन सपने हो गए हैं जो किसी भी हालत में पूरे होने वाले नहीं हैं.
उधर, योगी सरकार के मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है. उन्होने इसे विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है.
