इजरायल ने 7 अक्टूबर के ‘मास्टरमाइंड’ को किया ढेर, हाल ही में बना था हमास का आर्मी चीफ
तेल अवीव: इजरायल की सेना ने दावा किया है कि उसने गाजा में हमास के नए सैन्य प्रमुख मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है। इजरायली सेना के मुताबिक, ओदेह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले के ‘मास्टरमाइंड्स’ में शामिल था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के निर्देश पर यह सैन्य कार्रवाई की गई। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि की। इजरायल के मुताबिक, मुहम्मद ओदेह 7 अक्टूबर के हमले के दौरान हमास के इंटेलिजेंस विभाग का प्रमुख था।
‘मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है’
बता दें कि करीब एक हफ्ते पहले ही मुहम्मद ओदेह को हमास की सैन्य शाखा का नया प्रमुख बनाया गया था। उसने इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद की जगह ली थी, जिसे दो हफ्ते पहले गाजा में इजरायली हमले में मार दिया गया था। इजरायली सेना का कहना है कि ओदेह कई इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण और हमलों में शामिल था। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘हमने अब मुहम्मद ओदेह को निशाना बनाया है और उसे मार गिराया है। वह हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख और 7 अक्टूबर हमले के प्रमुख योजनाकारों में से एक था। हम उन सभी तक पहुंचेंगे जो इस हमले में शामिल थे।’
इजरायल ने लेबनान में तेज किए हमले
इधर, इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में भी अपने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टायर और मरजायून जिलों के कई इलाकों में लगातार एयर स्ट्राइक की गईं। रिपोर्ट के अनुसार, बुर्ज रहाल, कवथारियत अल-रुज़, सरीफा, अस-सवाना और क़बरिखा जैसे इलाकों को निशाना बनाया गया। बताया गया है कि मंगलवार को दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हमलों में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 अन्य घायल हुए हैं। ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रविवार को सेना को हिज्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए थे।
‘हमने 600 से ज्यादा आतंकी मारे हैं’
नेतन्याहू ने वीडियो बयान में कहा, ‘हम हिज्बुल्लाह के साथ जंग लड़ रहे हैं। पिछले कुछ हफ्तों में हमारे सैनिकों ने 600 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया है। लेकिन अब हम रुकने वाले नहीं हैं। मैंने सेना को और ज्यादा आक्रामक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।’ बताया जा रहा है कि अमेरिका की ओर से भी इजरायल को हिज्बुल्लाह के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की मंजूरी के संकेत मिले हैं। हाल के दिनों में ड्रोन हमलों में बढ़ोतरी के बाद इजरायल ने अपने ऑपरेशन और तेज कर दिए हैं।
